राशन के लिए परेशान ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
कटंग सिवनी में राशन विक्रेता की मनमानी
- समय पर नहीं बंटता खाद्यान्न, ग्रामीणों ने एसडीएम से की हटाने की मांग
- एसडीएम निवास को सौंपा ज्ञापन
- कई वर्षों से जमे सेल्समैन के स्थानांतरण की उठाई आवाज
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के निवास अनुविभाग के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कटंग सिवनी के ग्रामीण स्थानीय राशन दुकान के सेल्समैन की कार्यप्रणाली से भारी परेशान हैं। समय पर खाद्यान्न न मिलने और दुकान के अनियमित संचालन से त्रस्त होकर ग्रामीणों ने अब प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है। ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी निवास को एक लिखित ज्ञापन सौंपकर विक्रेता का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सोसाइटी सेल्समैन द्वारा आम जनता को समय पर खाद्यान्न का वितरण नहीं किया जाता है। राशन दुकान समय पर नहीं खोली जाती है, जिसके कारण पूरी ग्राम पंचायत की जनता को अपना काम छोड़कर राशन के लिए भटकना और परेशान होना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि यह विक्रेता विगत कई वर्षों से कटंग सिवनी की राशन दुकान में पदस्थ है, जिसके कारण वह बेखौफ होकर कार्यों में भारी अनियमितता बरत रहा है।
लामबंद हुए ग्रामीण, की कार्रवाई की मांग
विक्रेता की इस मनमानी से आजिज आकर उसे कटंग सिवनी राशन दुकान से हटाकर स्थानांतरित करने की मांग की गई है। इस शिकायत पत्र में ग्राम की महिलाओं और पुरुषों ने एकजुट होकर हस्ताक्षर किए हैं। आवाज उठाने वाले ग्रामीणों में मुख्य रूप से अभिलाषा, सोना बाई, ज्योति बाई, अनीता पड़वार, सुवेती, पार्वती, द्रोपती बाई, उमा बाई, गोमती, शिव कुमारी, जानकी, सुनीता, गीता, हेमा बाई, शांता बाई, कृष्णा बाई, कांता मरावी और अनिल सहित अन्य कई लोग शामिल हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अपील की है कि वे इस मामले में ध्यान दें और यथाशीघ्र विक्रेता को हटाकर व्यवस्था में सुधार लाएं।










