जबलपुर से 13 पदक जीतकर लौटे खिलाडिय़ों का बीजाडांडी में भव्य स्वागत
राजा शंकर शाह स्थल पर हुआ सम्मान
- महापौर कप में मंडला का परचम लहराने वाले होनहारों का किया अभिनंदन
- जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने बढ़ाया उत्साह
मंडला महावीर न्यूज 29. जबलपुर के रानीताल स्थित बैडमिंटन हॉल में आयोजित महापौर कप की 10वीं राष्ट्रीय फ्लाइंग किक स्पोर्ट्स प्रतियोगिता 2026 में शानदार प्रदर्शन कर मंडला जिले का नाम रोशन करने वाले खिलाडिय़ों का जिला वापसी पर भव्य स्वागत किया गया। बीजाडांडी के उदयपुर स्थित वीर शिरोमणि राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह स्थल और बीजाडांडी थाना के सामने आयोजित विशेष समारोह में इन होनहार खिलाडिय़ों और कोच झाम सिंह तेकाम का सम्मान किया गया।
बताया गया कि प्रतियोगिता में मंडला के खिलाडिय़ों ने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए कुल 13 पदक अपने नाम किए हैं। मुख्य कोच झामसिंह तेकाम ने बताया कि खिलाडिय़ों ने 4 स्वर्ण, 7 रजत और 2 कांस्य पदक जीते हैं। फ्लाइंग किक प्रतियोगिता के विजेता खिलाडिय़ों में स्वर्ण पदक विजेता दुर्गेश तेकाम, कौशल्या उइके, मोहनी गौठरिया और अजीत वरकड़े है। रजत पदक में दिव्या मरावी, मेयांशु तेकाम, रेसमी मरकाम, राधा कुलस्ते, सरला सरोते, मायावती परस्ते और सौरभ मरावी को मिला है। वहीं कांस्य पदक योगेश तेकाम और अनन्या यादव ने हासिल किया है।
नागरिकों ने किया उत्साहवर्धन
खिलाडिय़ों की इस गौरवशाली उपलब्धि पर आयोजित सम्मान समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने शिरकत की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला पंचायत सदस्य इंजीनियर भूपेन्द्र वरकड़े, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पुष्पा सिंह उद्दे, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ब्लॉक अध्यक्ष समई लाल मरावी, भाजपा मंडल अध्यक्ष डुमारी लाल कुम्हरे, गोंगपा के ब्लॉक उपाध्यक्ष निम्मू मरकाम, पूर्व जनपद सदस्य मिश्री लाल यादव और सरपंच बलदेव परते उपस्थित रहे। इसके साथ ही सामाजिक कार्यकर्ता गणेश भलावी, बीजाडांडी थाने के एसआई मुरारी लाल धुर्वे, हमारा गाँव संगठन के जिला संयोजक अनिकेत मरावी, धर्मेन्द्र शाह मरावी, बद्री मरकाम, संदीप मरावी, सेवानिवृत्त शिक्षक देवेन्द्र उईके, उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य कैलाश गुप्ता एवं छात्रावास अधीक्षिका हेमलता तुमरांची सहित अन्य नागरिकों ने उपस्थित होकर खिलाडिय़ों का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उचित संसाधन और अवसर मिलने पर राष्ट्रीय स्तर पर चमकेगा जिले का नाम
महापौर कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने वाले मंडला के खिलाडिय़ों का बीजाडांडी और उदयपुर में भव्य सम्मान किया गया। इस गौरवमयी अवसर पर खिलाडिय़ों को तराशने वाले कोच झामसिंह तेकाम के अथक प्रयासों और उनके उचित मार्गदर्शन की विशेष रूप से सराहना की गई। सम्मान समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने कहा कि खेल बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं।
महापौर कप में खिलाडिय़ों का यह प्रदर्शन इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि मेहनत और निरंतर अभ्यास से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। वक्ताओं ने कहा कि मंडला के आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को यदि सही संसाधन, मंच और अवसर मिलें, तो वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अमिट पहचान बना सकते हैं। इस सम्मान से उत्साहित खिलाडिय़ों ने भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाने का संकल्प लिया।










