जिला अस्पताल की लचर व्यवस्था का वीडियो वायरल
मरीज के परिजन खुद थामे रहे ड्रिप और स्ट्रेचर
- दिए जांच व कार्रवाई के निर्देश
- मंडला जिला अस्पताल में वॉर्ड बॉय न मिलने पर परिजनों को खुद खींचना पड़ा स्ट्रेचर
- वायरल वीडियो पर मचा बवाल, स्वास्थ्य अधिकारियों ने साधी चुप्पी तो दी सफाई
मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला के शासकीय अस्पताल से स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने सरकारी अस्पतालों में मरीजों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं और उनकी देखभाल की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वायरल हो रहे इस वीडियो में एक महिला मरीज स्ट्रेचर पर लेटी हुई दिखाई दे रही है, जिसे ड्रिप लगी हुई है। हैरानी की बात यह है कि मरीज की मदद के लिए अस्पताल का कोई वॉर्ड बॉय या स्वास्थ्य कर्मचारी वहां मौजूद नहीं था। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला मरीज का एक परिजन हाथ में ड्रिप की बोतल पकड़े हुए है, जबकि दूसरा व्यक्ति खुद स्ट्रेचर को धकेल कर ले जा रहा है।
स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर आक्रोश
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा देखने को मिला है और लोग मध्य प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था व सरकारी अस्पतालों के प्रबंधन को लेकर तीखी आलोचना कर रहे हैं। आम जनता के बीच इस बात को लेकर खासी चर्चा है कि जब जिला मुख्यालय मंडला के सबसे बड़े अस्पताल में मरीजों को स्ट्रेचर धकेलने के लिए कर्मचारी नहीं मिल रहे हैं, तो अन्य स्वास्थ्य केंद्रों के क्या हालात होंगे।
इनका कहना है
मामला संज्ञान में आया है, संबंधित वॉर्ड बॉय और स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति व लापरवाही पर स्पष्टीकरण तलब किया गया है और मरीजों के उपचार और व्यवस्थाओं को मानक के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
डॉ. विजय धुर्वे, सिविल सर्जन, जिला चिकित्सालय मंडला










