5 माह की क्रिषा ने 32 फ्लैश कार्ड्स पहचान कर विश्व रिकॉर्ड में दर्ज कराया नाम

मंडला की 5 माह की क्रिषा ने रचा इतिहास, कमाल की स्मरण शक्ति

  • 32 फ्लैश कार्ड्स पहचान कर विश्व रिकॉर्ड में दर्ज कराया नाम
  • मात्र 5 महीने की उम्र में यंगेस्ट फ्लैश कार्ड रिकॉग्निशन प्रॉडिजी बनीं क्रिषा दुबे

मंडला महावीर न्यूज 29. प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती, इस बात को मंडला जिले के बम्हनी बंजर की एक नन्ही बालिका ने सच कर दिखाया है। बम्हनी के शीतला वार्ड निवासी महज 5 माह 20 दिन की क्रिषा दुबे ने अपनी अद्भुत स्मरण क्षमता के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्व रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराकर पूरे मंडला जिले का गौरव बढ़ाया है।

32 फ्लैश कार्ड्स की पहचान कर बनीं प्रॉडिजी 

नन्ही क्रिषा ने पांच अलग-अलग रंगों, पांच प्रकार के फलों, तीन जानवरों, तीन पक्षियों और 16 ब्लैक एंड व्हाइट कार्ड्स सहित कुल 32 विभिन्न फ्लैश कार्ड्स की सटीक पहचान कर अपनी विलक्षण प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनकी इस असाधारण उपलब्धि पर उन्हें यंगेस्ट फ्लैश कार्ड रिकॉग्निशन प्रॉडिजी के खिताब से नवाजा गया है। परिवार ने बताया कि इस कीर्तिमान के लिए क्रिषा को इन्फ्लुएंसर बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड्स और भारत रिकॉर्ड बुक की ओर से प्रमाण पत्र, ट्रॉफी एवं गोल्ड मेडल प्रदान किए गए हैं।

4 माह की उम्र में जीत चुकी हैं राष्ट्रीय पुरस्कार 

क्रिषा की यह कोई पहली उपलब्धि नहीं है। इससे पहले जब वह लगभग चार माह की थीं, तब उन्होंने चाइल्ड ड्रीम बूस्टर हब द्वारा आयोजित एक राष्ट्रीय ऑनलाइन वेशभूषा प्रतियोगिता में भी विजेता का स्थान प्राप्त किया था। उस समय उनकी मनमोहक प्रस्तुति और आकर्षक वेशभूषा ने निर्णायकों का दिल जीत लिया था।

खेल-खेल में सीखी कार्ड्स की पहचान 

क्रिषा के पिता कृष्ण कुमार दुबे और माता आशिमा दुबे ने बताया कि उनकी बेटी शुरुआती दिनों से ही अपने आसपास की चीजों के प्रति बेहद सजग रही है। माता-पिता ने उसे खेल-खेल में ही अभ्यास कराया, जिसके माध्यम से उसने इतनी कम उम्र में फ्लैश कार्ड्स की पहचान करना सीख लिया। पंडित ओमप्रकाश दुबे एवं बसंत दुबे की इस नन्ही पौत्री की ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे परिवार और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। क्रिषा की इस सफलता पर अजय दुबे, संजय दुबे, सुनील दुबे, सुधीर दुबे सहित समस्त दुबे परिवार, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


Leave a Comment