खड़े ट्रक से टकराई बाइक, मारगांव के युवक की मौके पर ही मौत
- मोतीनाला क्षेत्र में सड़क हादसा
- डीजल खत्म होने से खड़े वाहन से भिड़ी बाइक, एक की गई जान
मंडला महावीर न्यूज 29. नेशनल हाईवे-30 पर मोतीनाला थाना क्षेत्र के मंगली के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहाँ सड़क किनारे खड़े ट्रक से एक मोटरसाइकिल के टकरा जाने से उस पर सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मारगांव निवासी हरि सिंह मरावी उम्र 29 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार संबंधित ट्रक का डीजल समाप्त हो गया था, जिसके कारण चालक उसे सड़क किनारे खड़ा कर डीजल लेने के लिए गया हुआ था। इसी दौरान अंधेरे या अन्य कारणों से हरि सिंह मरावी की तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर इस खड़े हुए ट्रक से पीछे से जोरदार तरीके से जा टकराई।
चालक के लौटने पर हुआ हादसे का खुलासा
टक्कर इतनी भीषण थी कि हरि सिंह मरावी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कुछ देर बाद जब ट्रक चालक डीजल लेकर वापस लौटा, तो उसने वाहन के पास यह भीषण हादसा देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मोतीनाला थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बिछिया अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी गहनता से जांच की जा रही है।









