अंडर-17 राज्य स्तरीय क्रिकेट के लिए 4 खिलाडिय़ों का चयन
नारायणगंज की बेटियां झाबुआ में दिखाएंगी अपना जलवा
- संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन
- दुर्गा और शकुंतला सहित चार बालिकाएं राज्य स्तर के लिए चयनित
मंडला महावीर न्यूज 29. जनजाति कार्य विभाग द्वारा छिंदवाड़ा के अमरवाड़ा में आयोजित संभाग स्तरीय अंडर-17 बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता में नारायणगंज क्षेत्र की खिलाडिय़ों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य स्तर पर अपनी जगह पक्की कर ली है।
संभागीय प्रतियोगिता में शानदार खेल दिखाने के बाद ग्राम मानिकसरा की दुर्गा चक्रवर्ती और नारायणगंज की शकुंतला ठाकुर, अंजलि उइके व दीप्ति वरकड़े का चयन राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए किया गया है। अब ये प्रतिभावान खिलाड़ी 12 अक्टूबर को झाबुआ में होने वाले राज्य स्तरीय टूर्नामेंट में अपना जलवा दिखाएंगी।
मिल रहा विशेष प्रशिक्षण
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर इन खिलाडिय़ों को ब्लॉक समन्वयक करुणा मर्सकोले द्वारा नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। खेल कौशल को निखारने में पीटीआई सुश्री सुजीता यादव का भी विशेष मार्गदर्शन और योगदान प्राप्त हो रहा है।
स्कूल प्रबंधन व ग्रामवासियों ने दी बधाई
नारायणगंज की इन बालिकाओं के राज्य स्तर पर चयनित होने पर समूचे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। सांदीपनी स्कूल की प्राचार्य श्रीमती संगीता गुप्ता, स्नेहलता पंद्रो, रश्मि उइके, सोनू गुप्ता, अयोध्या पटेल, मंगल सिंह पंद्रो क्रीड़ा अधिकारी, लीला पंद्रो, नविता विसेन, अवध पटेल, ऊषा उलाडी, पप्पू ठाकुर, शिवानी सिंगरौली, लोक राम मार्को, लता पंद्रो सहित समस्त विद्यालय स्टाफ एवं ग्रामवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाडिय़ों को बधाई दी और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।










