लेजियम और तलवार के साथ शौर्य का गरबा करेंगी बालिकाएं और महिलाएं

मंडला में दिखेगा नारी शक्ति का अद्भुत रूप

लेजियम और तलवार के साथ शौर्य का गरबा करेंगी बालिकाएं और महिलाएं

  • वीरांगना क्षत्राणी गरबा में नृत्य के साथ आत्मरक्षा और साहस का अनूठा संगम
  • 16 और 17 अक्टूबर को सजेगा भव्य मंच

मंडला महावीर न्यूज 29. नारी शक्ति, साहस और शौर्य की गौरवशाली संस्कृति को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से मंडला में एक अनूठे वीरांगना क्षत्राणी गरबा का आयोजन किया जा रहा है। वीरांगना दल समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में बालिकाएं और महिलाएं पारंपरिक गरबा के साथ लेजियम, तलवार और अन्य शस्त्रों का हैरतअंगेज प्रदर्शन करेंगी। इस आयोजन में पारंपरिक नृत्य के साथ वीरता और आत्मरक्षा की भावना का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।जानकारी अनुसार इस भव्य प्रस्तुति के लिए उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में सुबह और शाम नियमित रूप से विशेष प्रशिक्षण शिविर चलाया जा रहा है। आर्योदय गुरुकुलम जयपुर से आए आचार्य सत्यम और मंडला की वीरांगना दल संयोजिका प्रीति मौर्य द्वारा प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अभ्यास सत्र के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को गरबा की बारीकियों के साथ लेजियम और तलवार के साथ तालमेल बिठाकर प्रस्तुति देने का अभ्यास कराया जा रहा है।

16 और 17 अक्टूबर को होगा मुख्य आयोजन 

काशी विश्वनाथ वैदिक गुरुकुल, गाजीपुर के विशेष सहयोग से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की रूपरेखा तय कर ली गई है। बताया गया कि 16 अक्टूबर को कृषि उपज मंडी परिसर में गरबा महोत्सव का मुख्य आयोजन होगा। इसके बाद 17 अक्टूबर को युवम परिवार परिसर इंडोर स्टेडियम के समीप शस्त्र पूजन किया जाएगा और उसके साथ साहसिक गरबा की भव्य प्रस्तुति दी जाएगी।

आत्मविश्वास और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है उद्देश्य 

आयोजन समिति द्वारा सभी प्रतिभागियों के लिए पारंपरिक वेशभूषा निर्धारित की गई है। इस अनूठे आयोजन की खास बात यह है कि इसमें विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं के साथ नन्ही बालिकाएं भी पूरे उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। समिति का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं और महिलाओं में आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण की भावना को बढ़ावा देना है। यह आयोजन न केवल पारंपरिक गरबा कला को एक नया आयाम देगा, बल्कि भारतीय संस्कृति, नारी शक्ति और शौर्य की महान परंपरा को भी जीवंत करेगा।


रिपोर्टर- रितेश पमनानी


Leave a Comment