खड़े ट्राला में पीछे से घुसा ट्रक, 2 घंटे तक केबिन में फंसा रहा चालक

खड़े ट्राला में पीछे से घुसा ट्रक, 2 घंटे तक केबिन में फंसा रहा चालक

एनएच 30 में अहमदपुर चौराहे पर सड़क दुर्घटना

  • ट्रक के उड़े परखच्चे
  • कड़ी मशक्कत के बाद ड्राइवर को रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के अंजनियां चौकी क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-30 पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अहमदपुर चौराहे के पास एक 12 चक्का ट्रक सड़क किनारे खड़े एक 22 चक्का भारी ट्राला में पीछे से जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और उसका चालक केबिन में ही फंस गया।बताया गया कि हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही एनएचएआई की टीम, स्थानीय पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। केबिन में बुरी तरह फंसे चालक को निकालने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ी। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चालक को बाहर निकाला जा सका। हादसे में चालक का पैर केबिन में दबने से उसे गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल मंडला भेज दिया गया है।

रात से खराब खड़ा था ट्राला 

जानकारी अनुसार 22 चक्का ट्राला क्रमांक आरजे 11 जीबी 8562 रायपुर से तार के बंडल लेकर भिवाड़ी जा रहा था। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 1.30 बजे अहमदपुर चौराहे के पास उसका बोनट टूट गया था। इस वजह से अलवर निवासी ट्राला चालक राकेश कुमार ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया था और सुरक्षा के लिए संकेतक इंडिकेटर भी लगा दिए थे। बुधवार सुबह मैहर निवासी चालक इंद्रजीत पटेल अपना 12 चक्का ट्रक क्रमांक एमपी 20 जेडएस 3762 लेकर वहां से गुजरा और खड़े ट्राला में पीछे से टकरा गया। गनीमत रही कि हादसे में ट्राला चालक राकेश कुमार बाल-बाल बच गया, लेकिन ट्रक चालक इंद्रजीत पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया।

सड़क पर फैला डीजल, पुलिस जांच में जुटी

इस भीषण टक्कर के कारण ट्रक की डीजल टंकी टूट गई, जिससे सड़क पर भारी मात्रा में डीजल फैल गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू कराया। फिलहाल पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त ट्रक और ट्राला को अपने कब्जे में ले लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


 

Leave a Comment