मंडला में वन्यजीव संरक्षण का दिया प्रभावी संदेश

मंडला में वन्यजीव संरक्षण का दिया प्रभावी संदेश

  • प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ वन्यजीव संरक्षण सप्ताह
  • कान्हा टाइगर रिजर्व में उत्कृष्ट वनकर्मियों और प्रतिभावान छात्रों का हुआ सम्मान

मंडला महावीर न्यूज 29. वन्यजीव संरक्षण सप्ताह 2026 का कान्हा टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक कार्यालय में समापन हुआ। इस अवसर पर विविध प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर वन एवं वन्यजीवों के संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपसंचालक (कोर) प्रकाश कुमार वर्मा, उपसंचालक (बफर) अमिता केबी और पश्चिम वनमंडल मंडला के वनमंडलाधिकारी माधव सिंह मौर्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के उद्देश्य से पोस्टर पेंटिंग, रंगोली और क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों ने पुरस्कृत किया। कार्यक्रम के दौरान इको विकास समिति मालूमझोला और खटिया के सदस्यों ने अपनी प्रस्तुतियों से वन्यजीव संरक्षण का महत्व समझाया। वहीं चक्रवर्ती हायर सेकेंडरी स्कूल, बैहर के विद्यार्थियों द्वारा दी गई आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। आयोजकों ने सहभागी विद्यालयों के प्रबंधन को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

शिकारियों को पकडऩे वाले वनकर्मी हुए सम्मानित 

इस अवसर पर वन्यजीवों की रक्षा में अदम्य साहस और तत्परता दिखाने वाले वनकर्मियों का भी सम्मान किया गया। वन्यजीव शिकार के मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त करने वाले सिझोरा और भैसानघाट परिक्षेत्र के वनकर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए।

1 से 7 अक्टूबर तक चला जागरूकता अभियान 

बताया गया कि 1 से 7 अक्टूबर 2026 तक मनाए गए इस वन्यजीव संरक्षण सप्ताह के दौरान कान्हा टाइगर रिजर्व के विभिन्न परिक्षेत्रों में स्कूलों और इको विकास समितियों के सहयोग से लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। इन सात दिनों में पोस्टर, पेंटिंग, रंगोली, क्विज और अन्य गतिविधियों के माध्यम से मानव-वन्यजीव सहअस्तित्व और पर्यावरण बचाने का व्यापक संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।


Leave a Comment