शराब के नशे में धुत्त होकर ड्यूटी करता दिखा ट्रैफिक पुलिसकर्मी
वाहन चालकों को नियम समझाने का वीडियो वायरल
- मंडला में यातायात पुलिस की खुली पोल
- नशे में झूमते हुए चौराहे पर ट्रैफिक कंट्रोल कर रहा था पुलिसकर्मी
- टीआई ने दिए जांच के आदेश
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के चिलमन चौक से यातायात पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह कथित तौर पर शराब के नशे में धुत्त होकर बीच चौराहे पर ड्यूटी करता नजर आ रहा है। हैरानी की बात यह है कि जिस पुलिसकर्मी के कंधों पर लोगों से यातायात नियमों का पालन कराने की जिम्मेदारी है, वह खुद नशे की हालत में वाहन चालकों को नियम-कायदे और समझाइश देता दिखाई दे रहा है।
विभाग की निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल
इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली कटघरे में आ गई है। आम जनता और वाहन चालक अब यह सवाल पूछ रहे हैं कि क्या नशे की हालत में सड़क पर ड्यूटी करना ही यातायात व्यवस्था संभालने का नया तरीका है? नियम-कानून का पाठ पढ़ाने वाली पुलिस के कर्मचारी की इस कथित हालत ने विभाग की छवि पर नकारात्मक असर डाला है।
यातायात प्रभारी ने दिए मेडिकल जांच के आदेश
मामले के तूल पकड़ने और वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे ने संज्ञान लिया है। मंडला यातायात प्रभारी ललित धुर्वे ने घटना के संबंध में बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से यह जानकारी मिली है कि जिला मुख्यालय के एकमात्र यातायात सिग्नल पर तैनात कर्मचारी नशे की हालत में जनता को यातायात नियम बता रहा था। उन्होंने स्पष्ट किया कि उक्त कर्मचारी की तुरंत मेडिकल जांच कराई जा रही है। यदि जांच रिपोर्ट में उसके नशे में होने की पुष्टि होती है, तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी इस जांच के बाद क्या ठोस कदम उठाते हैं, या फिर यह मामला महज एक वायरल वीडियो बनकर फाइलों में दब जाता है।










