मां नर्मदा के पावन तट पर जारी है निशुल्क तर्पण
10 अक्टूबर को सामूहिक जलांजलि व हवन का होगा आयोजन
मंडला महावीर न्यूज 29. पितृपक्ष के पावन अवसर पर पूर्वजों की आत्मशांति और मोक्ष की कामना के साथ मां नर्मदा के पावन तट पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया जा रहा है। नगर के रपटा घाट स्थित मां नर्मदा तट पर आचार्य अनिल पांडे के सानिध्य में श्राद्ध पक्ष की प्रथम तिथि से लेकर आज एकादशी तिथि तक अनवरत रूप से निशुल्क तर्पण और श्राद्ध कर्म संपन्न कराया जा रहा है। इस पुनीत कार्य में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर अपने पितरों के प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित कर रहे हैं।
आचार्य पंडित अनिल पांडे ने बताया कि सनातन परंपरा में पितृपक्ष के दौरान पूर्वजों का तर्पण, पिंडदान और जलांजलि देने का विशेष महत्व है। मान्यता है कि मां नर्मदा के पावन जल से तर्पण करने पर पितृ देव तृप्त होते हैं और अपने वंशजों को सुख-समृद्धि व खुशहाली का आशीर्वाद प्रदान करते हैं। कई बार जानकारी या संसाधनों के अभाव में लोग विधिवत तर्पण नहीं कर पाते, इसी उद्देश्य से जनकल्याण हेतु यह निशुल्क व्यवस्था प्रतिदिन संचालित की जा रही है।
10 अक्टूबर को होगा विशेष हवन एवं सामूहिक जलांजलि
इस अनुष्ठान की कड़ी में आगामी 10 अक्टूबर को प्रात: 8 बजे स्थानीय रपटा घाट स्थित मां नर्मदा के तट पर पितरों के निमित्त विशेष हवन, पूजन एवं सामूहिक जलांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आचार्य पंडित अनिल पांडे ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अपील की है कि जो भी नागरिक अपने पितरों को जलांजलि देने एवं हवन-पूजन में सम्मिलित होना चाहते हैं, वे निर्धारित समय पर रपटा घाट पहुंचकर इस निशुल्क धार्मिक अनुष्ठान का हिस्सा बनें और पुण्य लाभ अर्जित करें।









