मंडला की सौम्या खरे ने मालवा नृत्य महोत्सव में रचा इतिहास
500 प्रतिभागियों को पछाड़कर हासिल किया प्रथम स्थान
- सेमी-क्लासिकल नृत्य में शानदार प्रदर्शन
- मालवा नृत्य महोत्सव एवं सबसे कम उम्र की गुरु अवार्ड से हुईं सम्मानित
मंडला महावीर न्यूज 29. इंदौर में 1 से 4 अक्टूबर तक आयोजित चार दिवसीय ऑल इंडिया 23वें कल्चरल नेशनल डांस कॉन्टेस्ट एवं फेस्टिवल मालवा नृत्य महोत्सव 2026 में मंडला की बेटी सौम्या खरे ने शानदार उपलब्धि हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। अखिल नटराजम् अंतर सांस्कृतिक संघ के तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के महोत्सव में 15 कैटेगरी में करीब 2000 प्रतियोगियों ने हिस्सा लिया।
बताया गया कि 20 वर्षीय सौम्या खरे ने सेमी-क्लासिकल नृत्य की प्रतिस्पर्धा में करीब 500 प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी प्रभावशाली नृत्य प्रस्तुति और प्रतिभा के लिए उन्हें मालवा नृत्य महोत्सव अवार्ड के साथ सबसे कम उम्र की गुरु अवार्ड से भी सम्मानित किया गया। इतनी कम उम्र में गुरु के रूप में सम्मान मिलना सौम्या की नृत्य साधना और प्रतिभा की विशेष उपलब्धि मानी जा रही है।
सौम्या खरे मंडला के पुनीत मोहन खरे एवं श्रीमती सपना खरे की बेटी हैं। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर प्रथम स्थान हासिल करने के साथ दो प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त करना न केवल सौम्या और उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे मंडला जिले के लिए गौरव का विषय है।
बताया गया कि मालवा नृत्य महोत्सव में भरतनाट्यम, कथक, ओडिसी, कुचिपुड़ी, मोहिनीअट्टम, रवीन्द्र नाट्यम, आंध्रनाट्यम, पेरिनी नाट्यम, सत्त्रिया, मणिपुरी, सेमी-क्लासिकल, भारतीय लोक नृत्य, बॉलीवुड, हिप-हॉप और कंटेम्परेरी सहित 15 नृत्य विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। देशभर से पहुंचे लगभग 2000 प्रतिभागियों ने चार दिनों तक अपनी कला और सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सौम्या खरे की यह उपलब्धि मंडला की युवा नृत्य प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायी है। राष्ट्रीय स्तर पर सेमी-क्लासिकल नृत्य में प्रथम स्थान और सबसे कम उम्र की गुरु का सम्मान प्राप्त कर सौम्या ने अपनी कला के साथ मंडला की सांस्कृतिक पहचान को भी गौरवान्वित किया है।










