खेत में चारा काट रहे किसान पर जंगली सूअर का हमला
हाथ-पैर और पेट पर आई गंभीर चोटें, जिला अस्पताल में भर्ती
- ग्राम गोंझी में जंगली सूअर का आतंक
- हमले में किसान गंभीर रूप से घायल, ग्रामीणों के पहुंचने पर भागा जानवर
मंडला महावीर न्यूज 29. कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गोंझी में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ खेत में काम कर रहे एक किसान पर जंगली सूअर ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में किसान के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी अनुसार ग्राम गोंझी निवासी किसान अशोक वरकड़े सोमवार को अपने खेत में मवेशियों के लिए चारा काट रहे थे। उसी दौरान झाडय़िों से निकले एक जंगली सूअर ने पीछे से उन पर हमला कर दिया। सूअर के वार से अशोक जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद जंगली सूअर ने अपने नुकीले दांतों से उन्हें बुरी तरह लहूलुहान कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण
किसान की चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग तेजी से मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख जंगली सूअर वहां से जंगल की ओर भाग खड़ा हुआ। इसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी घायल किसान के परिजनों को दी और उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुँचाया।
अस्पताल में उपचार जारी
घायल के रिश्तेदार आशीष कोकडिय़ों ने बताया कि हमले के कारण अशोक के दोनों हाथ, पैर, जांघ, पेट सहित शरीर के कई हिस्सों में गहरे घाव आए हैं। जिला अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा उनका प्राथमिक उपचार किया गया, जिसके बाद फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। क्षेत्र में जंगली जानवरों की हलचल से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।










