फूलसागर के पास गार्ड रेल से लदा अनियंत्रित ट्रक पलटा

फूलसागर के पास गार्ड रेल से लदा अनियंत्रित ट्रक पलटा

केबिन में फंसा ड्राइवर सुरक्षित

  • मंडला में वीआईपी मूवमेंट के बीच पलटा तेज रफ्तार ट्रक
  • बाल-बाल बचीं मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की बसें

मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर रविवार दोपहर करीब एक बजे फूलसागर पुल के समीप एक बड़ा हादसा होने से टल गया। रायपुर से मंडला की ओर आ रहा एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक क्रमांक एमपी 13 जीबी 5481 अचानक सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के समय पास ही मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में जा रही कई यात्री बसें गुजर रही थीं, लेकिन राहत की बात यह रही कि ट्रक किसी भी बस से नहीं टकराया और एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गई।प्रत्यक्षदर्शियो ने बताया कि ट्रक में गार्ड रेल लदे हुए थे, जो पलटने के बाद पूरी सड़क पर बिखर गए। हादसे के बाद ट्रक का चालक केबिन में ही फंस गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए ट्रक के केबिन का कांच तोड़ा और ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि ड्राइवर को कोई गंभीर चोट नहीं आई।

चालक के नशे में होने का आरोप 

घटनास्थल पर उपस्थित लोगों ने चालक पर अत्यधिक शराब के नशे में होने का आरोप लगाया। हादसे के बाद सामने आए एक वीडियो में ड्राइवर ने अपना नाम कपिल गवले निवासी इंदौर बताया है। वीडियो में चालक बदहवास स्थिति में स्थानीय लोगों से यह पूछता नजर आ रहा है कि गाड़ी कैसे पलटी और उसके साथ क्या हुआ।

पुलिस ने शुरू की जांच 

स्थानीय नागरिकों द्वारा तत्काल डायल-112 पर घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी ड्राइवर को अभिरक्षा में लेकर थाने ले गई। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित हुआ, जिसे पुलिस ने सुचारू कराया। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।


 

Leave a Comment