रेल एक्टिविस्ट नितिन सोलंकी की पहल लाई रंग
मंडला फोर्ट स्टेशन पर क्विक वॉटरिंग सिस्टम का प्रस्ताव जोनल मुख्यालय भेजा
- मंडला फोर्ट रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों में जल्द भरेगा पानी
- क्यूडब्ल्यूएस के लिए रेलवे ने भेजा प्रस्ताव, ठेके पर सफाई कार्य भी शुरू
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला फोर्ट रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा ट्रेनों में शीघ्र जल आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ी सफलता सामने आई है। रेल एक्टिविस्ट नितिन सोलंकी द्वारा लगातार उठाए जा रहे इस विषय पर रेलवे प्रशासन ने संज्ञान लिया है। रेलवे के यांत्रिक विभाग ने मंडला फोर्ट स्टेशन पर आधुनिक क्विक वॉटरिंग सिस्टम स्थापित करने का प्रस्ताव स्वीकृति हेतु जोनल मुख्यालय को भेज दिया है।
यह आधिकारिक जानकारी दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर द्वारा जारी 17 सितंबर 2026 के पत्र के माध्यम से सामने आई है। यह पत्र नितिन सोलंकी द्वारा सीपीजीआरएएमएस पोर्टल पर दर्ज कराई गई शिकायत के उत्तर में जारी किया गया है।
ट्रेन के कोचों में मिनटों में भरेगा पानी
क्विक वॉटरिंग सिस्टम एक ऐसी आधुनिक तकनीक है, जिसके माध्यम से उच्च क्षमता वाले पंपों और नियंत्रित पाइपलाइन नेटवर्क की मदद से ट्रेन के डिब्बों (कोचों) में बहुत कम समय में पानी भरा जाता है। इससे ट्रेनों के ठहराव के दौरान ही जल आपूर्ति का कार्य सुचारू और त्वरित रूप से पूर्ण हो जाता है, जिससे यात्रियों को शौचालय व वॉशबेसिन में पानी की कमी का सामना नहीं करना पड़ता।
रेलवे का जवाब: सफाई व्यवस्था में भी हुआ सुधार
नागपुर रेल मंडल के आधिकारिक उत्तर के अनुसार मंडला फोर्ट स्टेशन से प्रारंभ होने वाली सवारी गाडय़िों की सफाई का कार्य 1 अगस्त 2026 से निजी अनुबंध (प्राइवेट कॉन्ट्रैक्ट) के माध्यम से प्रारंभ कर दिया गया है। साथ ही गाडय़िों में त्वरित जल आपूर्ति हेतु क्विक वॉटरिंग सिस्टम लगाने का प्रस्ताव जोनल मुख्यालय भेजा गया है।
मंजूरी और समयसीमा का इंतजार
प्रस्ताव जोनल मुख्यालय भेजे जाने के बाद अब क्षेत्रीय नागरिकों एवं रेल यात्रियों को इसके जल्द स्वीकृत होने और धरातल पर काम शुरू होने का इंतजार है। रेल एक्टिविस्ट नितिन सोलंकी ने कहा कि मंडला फोर्ट स्टेशन को केवल ट्रेनों के आवागमन तक सीमित न रखकर आधुनिक कोचिंग व मेंटेनेंस सुविधाओं से लैस किया जाना चाहिए, जिसमें क्विक वॉटरिंग सिस्टम एक प्राथमिक आवश्यकता है। समाजसेवी अखिलेश सोनी ने कहा कि मंडला फोर्ट की वर्षों पुरानी मांग अब स्वीकृति की मेज तक पहुंच गई है। अब देखना यह है कि जोनल स्तर से इसे कब मंजूरी मिलती है और काम कब पूरा होता है।










