क्रिकेट में मंडला का नाम रोशन कर रहीं फिरकी गेंदबाज शुचि उपाध्याय
इंडिया-ए के बाद मप्र टीम में शामिल हुईं शुचि उपाध्याय
- 9 अक्टूबर से रायपुर में खेलेंगी टी-20 नेशनल टूर्नामेंट
- एमपी की सीनियर महिला टीम में हुआ चयन
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले की होनहार महिला क्रिकेटर शुचि उपाध्याय ने एक बार फिर अपनी शानदार गेंदबाजी के दम पर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। हाल ही में बेंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय कैंप के दौरान घोषित इंडिया-ए महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा रहीं शुचि उपाध्याय को अब मध्य प्रदेश की सीनियर महिला टीम में शामिल किया गया है। बताया गया कि हाल ही में इंडिया-ए टीम से खेलते हुए शुचि ने मल्टी-डेज मैच में अपनी धारदार फिरकी गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 3 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए थे, जिसकी बदौलत इंडिया-ए ने मैच के तीसरे दिन ही शानदार जीत दर्ज की।
रायपुर में 9 अक्टूबर से होगा टूर्नामेंट
इंडिया-ए सीरीज के बाद रायपुर में 9 अक्टूबर से आयोजित होने वाले सीएससीएस टी-20 नेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने अपनी सीनियर महिला टीम की घोषणा की है। जबलपुर संभाग के मंडला जिले की शुचि उपाध्याय का चयन इस टीम में हुआ है, जिससे स्थानीय खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है।
चोट से उबरकर मैदान में की शानदार वापसी
बताया गया कि बीते वर्ष श्रीलंका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में इंडिया टीम का हिस्सा रहीं शुचि चोटिल होने के कारण इंग्लैंड दौरे पर नहीं जा सकी थीं। हालाँकि, चोट से उबरने के बाद उन्होंने घरेलू टूर्नामेंट्स में मध्य प्रदेश की ओर से दमदार प्रदर्शन किया। मंडला के स्थानीय मैदान पर मेकल क्रिकेट एकेडमी से अपने खेल जीवन की शुरुआत करने वाली शुचि उपाध्याय ने आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी लेग-स्पिन, फिरकी गेंदबाजी की पहचान स्थापित कर ली है।
खेल प्रेमियों व पदाधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
शुचि की इस उपलब्धि पर जबलपुर क्रिकेट संघ के अध्यक्ष निशीथ पटेल, सचिव धर्मेश पटेल, प्रशांत द्विवेदी, द्वारका मिश्रा, मनोज ठाकुर, आनंद रजक सहित डीसीए मंडला के अध्यक्ष भीष्म द्विवेदी, सचिव अजय मिश्रा, ललित शुक्ला, कमल जायसवाल, इम्तियाज़ अली, पंकज दुबे, अर्जुन भांडे, अक्षय चंद्रोल, निशांत झा, बसंत ठाकुर, सत्यप्रकाश दुबे, शिवांशु तिवारी एवं फैजान खान सहित समस्त खेल प्रेमियों व खिलाडय़िों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।










