112 मतों से विजयी हुए देवचरण पंद्राम, गांव में निकला विजय जुलूस
- देवरी कला बबलिया के उपचुनाव में सरपंच देवचरण पंद्राम ने मारी बाजी
- खेरमाई माता का आशीर्वाद लेकर घर-घर जताया मतदाताओं का आभार
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत देवरी कला बबलिया में संपन्न हुए सरपंच पद के उपचुनाव की मतगणना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इस चुनावी मुकाबले में चार प्रत्याशियों ने अपना भाग्य आजमाया था, जिसमें देवचरण पंद्राम ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 112 मतों से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की।
जानकारी अनुसार मतगणना के घोषित परिणामों में विजयी प्रत्याशी देवचरण पंद्राम को सर्वाधिक 415 मत प्राप्त हुए। वहीं अन्नू मांडवे को 303 मत, अरविंद धुर्वे को 223 मत और सोनकली बरकड़े को 43 मत मिले, जबकि 14 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना।
खेरमाई माता के दर्शन कर निकाला आभार जुलूस
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद मतदाताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला। नवनिर्वाचित सरपंच देवचरण पंद्राम ने सर्वप्रथम खेरमाई माता मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। इसके पश्चात उन्होंने इष्ट मित्रों को तिलक-वंदन कर गांव के सभी मोहल्लों में विजय जुलूस निकाला और घर-घर जाकर मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।
सौहार्दपूर्ण रहा माहौल, दिग्गजों ने दी बधाई
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष आसाराम भारतीया ने नवनिर्वाचित सरपंच देवचरण पंद्राम का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी। स्थानीय उपसरपंच संजय सोनी ने भी सभी मतदाताओं का आभार जताया और पराजित प्रत्याशियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हुए इस चुनाव के बाद सभी प्रत्याशियों ने एक-दूसरे से गले मिलकर सौहार्द की मिसाल पेश की।









