वीरांगना क्षत्राणी गरबा- मंडला में दिखेगा नारी शक्ति का अद्भुत शौर्य
- उत्कृष्ट विद्यालय ग्राउंड में 7 से 15 अक्टूबर तक लगेगा वीरांगना क्षत्राणी गरबा प्रशिक्षण शिविर
- 16 व 17 अक्टूबर को होगा भव्य शौर्य प्रदर्शन
मंडला महावीर न्यूज 29. आगामी शारदीय नवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में नगर में नारी शक्ति के अद्भुत प्रदर्शन एवं शौर्य को समर्पित वीरांगना क्षत्राणी गरबा 2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। वीरांगना दल मंडला एवं काशी विश्वनाथ वैदिक गुरुकुल, जिलहरी घाट गाजीपुर के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाज सेविका डॉ. श्रद्धा शामिल होंगी।
आयोजन समिति ने बताया कि गरबा एवं शौर्य कला के प्रशिक्षण की शुरुआत आगामी 7 अक्टूबर से होगी, जो 15 अक्टूबर तक चलेगी। यह प्रशिक्षण शिविर कलेक्ट्रेट के सामने स्थित उत्कृष्ट विद्यालय ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। प्रतिभागियों की सुविधा के लिए प्रशिक्षण दो पालियों में दिया जाएगा, जिसमें प्रात: काल 6 बजे से 8 बजे तक तथा सायंकाल 4 बजे से 6 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षण के लिए पंजीयन शुल्क 200 रुपये रखा गया है।
16 व 17 अक्टूबर को होगा भव्य शौर्य प्रदर्शन
प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद मातृशक्ति द्वारा दो दिवसीय भव्य शौर्य प्रदर्शन किया जाएगा। प्रथम प्रदर्शन 16 अक्टूबर को कृषि उपज मंडी, पड़ाव में और द्वितीय प्रदर्शन 17 अक्टूबर को युवम परिवार परिसर में आयोजित होगा। दोनों ही दिन शौर्य प्रदर्शन का समय सायंकाल 6 बजे से रात्रि 8 बजे तक रहेगा।
इनका रहेगा विशेष सहयोग
यह संपूर्ण आयोजन सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति, अनाज तिलहन व्यापारी संघ, मंडला व युवम परिवार के विशेष सौजन्य से संपन्न किया जा रहा है। आयोजकों ने नगर की समस्त माताओं और बहनों से इस प्रशिक्षण शिविर में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
इच्छुक प्रतिभागी अधिक जानकारी व पंजीयन के लिए मोबाइल नंबर 7748019375, 7989719415, 9340800417 एवं 7987346641 पर संपर्क कर सकते हैं।









