बीजाडांडी में ड्राई डे के आदेश की उड़ी धज्जियां
गांधी जयंती पर स्कूटी से घर-घर सप्लाई होती रही अवैध शराब
- पुलिस व आबकारी विभाग ने साधी चुप्पी
- गांधी जयंती पर भी नहीं थमा अवैध शराब का कारोबार
- सूचना के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों ने नहीं की कार्रवाई
- क्षेत्र में धड़ल्ले से हुई होम डिलीवरी
मंडला महावीर न्यूज 29. 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर प्रदेश सरकार द्वारा शुष्क दिवस घोषित कर सभी शासकीय शराब दुकानें बंद रखने के सख्त निर्देश दिए गए थे। लेकिन जिले के बीजाडांडी थाना क्षेत्र में शासन के इन आदेशों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई गईं। यहां शराब दुकानें बंद होने के बावजूद शराब माफियाओं द्वारा स्कूटी के माध्यम से घर-घर अवैध शराब की होम डिलीवरी की जाती रही, और शिकायत के बाद भी पुलिस व आबकारी विभाग मूकदर्शक बना रहा।
स्कूटी से की गई अवैध शराब की सप्लाई
जानकारी अनुसार दो अक्टूबर को बीजाडांडी ब्लॉक मुख्यालय सहित आसपास के पूरे क्षेत्र में काले और सफेद रंग की स्कूटी के जरिए अवैध रूप से शराब की सप्लाई की गई। ड्राई डे होने के बावजूद क्षेत्र में आसानी से अवैध शराब उपलब्ध कराई जाती रही, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जिम्मेदारों ने किया अनसुना, नहीं उठाया फोन
क्षेत्र में चल रहे इस अवैध कारोबार की सूचना देने के लिए जब जागरूक नागरिकों द्वारा बीजाडांडी थाना प्रभारी के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद क्षेत्रीय आबकारी अधिकारी शैली सैयाम को संबंधित स्कूटी के नंबर सहित व्हाट्सएप पर पूरे मामले की जानकारी भेजी गई। लेकिन आबकारी अधिकारी द्वारा भी इस गंभीर शिकायत को अनसुना कर दिया गया। जिम्मेदार अधिकारियों की इसी उदासीनता और अनदेखी के चलते गांधी जयंती जैसे राष्ट्रीय पर्व पर भी क्षेत्र में अवैध शराब की होम डिलीवरी बेरोकटोक जारी रही।










