मवई-माडफ़ा मसाना मार्ग पर तेज बारिश में बहा पुलिया का आधा हिस्सा
जान जोखिम में डालकर गुजरने को मजबूर राहगीर
- ग्रामीणों ने हादसे की आशंका जताते हुए की तत्काल मरम्मत की मांग
- पानी के तेज बहाव में अंदर का मटेरियल बहने से खोखली हुई पुलिया
मंडला महावीर न्यूज 29. मवई से माडफ़ा मसाना जाने वाले मुख्य मार्ग पर बनी एक पुलिया का बड़ा हिस्सा तेज बारिश की भेंट चढ़ गया है। पानी के तेज बहाव के चलते पुलिया का करीब आधा हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर बह गया है, जिससे इस मार्ग पर आवागमन करने वाले ग्रामीणों और वाहन चालकों के लिए हर वक्त दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
ग्रामवासियों का कहना है कि पिछले दिनों क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव काफी तेज था। इसी तेज बहाव की चपेट में आने से न केवल पुलिया का एक हिस्सा ढह गया, बल्कि उसके नीचे भरा गया मटेरियल भी पानी के साथ बह गया है। अंदर से खोखली हो चुकी यह पुलिया अब बेहद कमजोर हो गई है और किसी भी वक्त पूरी तरह धंस सकती है।
रोजाना गुजरते हैं दर्जनों वाहन, अनहोनी की आशंका
यह मार्ग क्षेत्र के ग्रामीणों के आवागमन का प्रमुख जरिया है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में पैदल राहगीर, दोपहिया और अन्य छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। पुलिया के आधे हिस्से के गायब होने और शेष हिस्से के कमजोर पडऩे से विशेषकर रात के समय में किसी बड़े हादसे की आशंका कई गुना बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने की शीघ्र निर्माण की मांग
पुलिया की जर्जर हालत को देखते हुए स्थानीय ग्रामीणों में गहरी चिंता व्याप्त है। ग्रामवासियों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि अधिकारी तत्काल मौके का निरीक्षण करें। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया की स्थिति और अधिक भयावह होने या कोई बड़ी दुर्घटना घटने से पहले इसकी समुचित मरम्मत और आवश्यक निर्माण कार्य जल्द से जल्द कराया जाए।










