कान्हा टाइगर रिजर्व के कोर जोन में पर्यटन शुरू
ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा और गगन नारंग की मौजूदगी में खुली सफारी
- मानसून ब्रेक के बाद पर्यटकों के लिए खुला कान्हा का कोर क्षेत्र
- वन्यजीव संरक्षण सप्ताह का भी हुआ आगाज
- ओलंपिक सितारों की मौजूदगी में दिखाए गए हरी झंडी
- तीनों प्रमुख द्वारों से सफारी का आगाज
- 1 से 7 अक्टूबर तक मनाया जाएगा वन्यजीव संरक्षण सप्ताह
मंडला महावीर न्यूज 29. ख्यातिलब्ध कान्हा नेशनल पार्क पर्यटकों के लिए खुल गए है, अब पर्यटक वन्यप्राणियों के दीदार कर सकेंगे। तीन माह के विराम में पर्यटको को वनराज के दीदार नही हो सके। अब पर्यटकों का इंतजार खत्म हुआ और 01 अक्टूबर से कान्हा नेशनल पार्क में सफारी शुरू हो गई। पार्क शुरू होने के पहले दिन ही कान्हा पार्क में पर्यटकों को पार्क का भ्रमण कराया। कान्हा नेशनल पार्क के सभी कोर जोन में पर्यटन शुरू हुआ। जहां पहले दिन पर्यटकों ने भ्रमण किया।
जानकारी अनुसार मानसून अवकाश के समाप्त होने के साथ ही 1 अक्टूबर से विश्व प्रसिद्ध कान्हा टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां पुन: प्रारंभ हो गई हैं। नए पर्यटन सत्र के पहले दिन खटिया, मुक्की और सरही तीनों प्रमुख प्रवेश द्वारों से पर्यटकों ने कोर क्षेत्र में प्रवेश किया। इस अवसर पर 1 से 7 अक्टूबर तक चलने वाले वन्यजीव संरक्षण सप्ताह का भी विधिवत शुभारंभ किया गया।
ओलंपिक पदक विजेताओं की उपस्थिति रही विशेष आकर्षण
पर्यटन सत्र के शुभारंभ पर तीनों प्रवेश द्वारों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। खटिया प्रवेश द्वार पर मुख्य समारोह हुआ, जहां कान्हा टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक रवीन्द्र मणि त्रिपाठी ने भारतीय खेल जगत की दिग्गज हस्तियों ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा, गगन नारंग और ओलंपियन शूटर इलावेनिल वलारिवन की गरिमामय उपस्थिति में जिप्सियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं, मुक्की द्वार पर उप संचालक प्रकाश कुमार वर्मा ने पर्यटन गतिविधियों का शुभारंभ किया और सरही द्वार से भी पर्यटकों को सफारी के लिए प्रवेश दिया गया।
वन्यजीव संरक्षण की दिलाई गई शपथ
वन्यजीव संरक्षण सप्ताह के आगाज के मौके पर तीनों प्रवेश द्वारों पर उपस्थित अतिथियों, वन अधिकारियों, कर्मचारियों और पर्यटकों ने प्रकृति एवं वन्यजीवों की रक्षा का संकल्प लिया। सभी ने वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों को सुरक्षित रखने में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने की शपथ ली।
स्थानीय रोजगार और अर्थव्यवस्था को मिलेगी गति
प्रतिवर्ष देश-विदेश से हजारों सैलानी कान्हा की जैव-विविधता और बाघों के दीदार के लिए पहुंचते हैं, जिसे देखते हुए पार्क प्रबंधन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पर्यटन शुरू होने से स्थानीय स्तर पर गाइड, जिप्सी चालक, होमस्टे, होटल और रिसॉर्ट संचालकों में भी उत्साह है। पार्क प्रबंधन ने उम्मीद जताई है कि इस नए सत्र में पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय समुदाय को व्यापक आर्थिक लाभ और रोजगार के भरपूर अवसर मिलेंगे।
Post Views: 170




















