विहिप-बजरंग दल का त्रिशूल दीक्षा एवं युवा संवाद आयोजित
- गाजे-बाजे के साथ निकाली भव्य त्रिशूल यात्रा
- मंडला में युवाओं को दिलाई गई त्रिशूल दीक्षा, पुष्पवर्षा के बीच गूंजे जय श्रीराम के नारे
मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल महाकौशल प्रांत द्वारा मंडला में त्रिशूल दीक्षा एवं युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अमर हुतात्मा अशोक सिंघल के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोडऩे, संगठनात्मक जागरूकता बढ़ाने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आचार्य राकेश कुमार, बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक किशन प्रजापत, पंडित ललित नारायण मिश्रा, प्रांत सहमंत्री प्रदीप गुप्ता, प्रांत संयोजक तरस्मी उपाध्याय, प्रांत सह संयोजक रुपेश लांझीवार व रंजीत सिंह परमार एवं विहिप जिलाध्यक्ष एडवोकेट मनोज फागवानी द्वारा भारत माता एवं श्रीराम दरबार के चित्र पर दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण कर किया गया। खंड प्रमुखों ने अतिथियों का तिलक-वंदन और अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया।
युवा संवाद के माध्यम से सांस्कृतिक चेतना पर मंथन
कार्यक्रम के दौरान आयोजित युवा संवाद में वक्ताओं ने सामाजिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि युवा समाज की मुख्य शक्ति हैं। संगठनात्मक अभियानों में युवाओं की सक्रिय सहभागिता से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। इस अवसर पर संगठन से जुड़े पदाधिकारियों ने आगामी कार्ययोजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया।
विशिष्ट जनों का हुआ सम्मान
समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ता आलोक खरया एवं पत्रकार परिषद के जिलाध्यक्ष नीरज अग्रवाल को अंगवस्त्र पहनाकर और तिलक लगाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विहिप जिला मंत्री ललित हिडाऊ, विभाग संयोजक सोनल बर्मन, जिला संयोजक संकेत सोनी, अमित बैरागी सहित जिले भर से आए पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
गूंजे जय श्रीराम के नारे, मातृशक्ति ने की पुष्पवर्षा
समारोह के मुख्य सत्र में प्रांत सहमंत्री प्रदीप गुप्ता द्वारा उपस्थित युवाओं को अनुशासित एवं मर्यादित भाव से त्रिशूल दीक्षा दिलाई गई। इसके बाद शहर के प्रमुख मार्गों से भव्य त्रिशूल यात्रा निकाली गई। जय श्रीराम के गगनभेदी नारों के साथ निकाली गई इस यात्रा का नगर में जगह-जगह सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। मार्ग में मातृशक्ति और आमजनों ने प्रतिभागियों पर पुष्पवर्षा की, जिससे पूरा शहर धर्ममय नजर आया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत वंदे मातरम के सामूहिक गायन के साथ हुआ।










