सोने के बाद नहीं उठे 83 साल के सोहन, सोते समय बुजुर्ग का रेता गला, गांव में सनसनी
- घुघरी के ग्राम भैंसवाही में सनसनीखेज वारदात
- बुजुर्ग गुनिया की धारदार हथियार से हत्या, फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
मंडला महावीर न्यूज 29. घुघरी थाना क्षेत्र की सलवाह चौकी अंतर्गत ग्राम भैंसवाही स्कूल टोला में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। घर में सो रहे 83 वर्षीय सोहन सिंह सरोते का शव उनके कमरे में रक्तरंजित हालत में मिला। उनके गले पर किसी धारदार हथियार से वार किए जाने के गहरे निशान पाए गए हैं। पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मानकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार मृतक सोहन सिंह अपनी पत्नी के साथ घर पर अकेले रहते थे, जबकि उनके बच्चे अलग निवास करते हैं। सोमवार रात वे खाना खाने के बाद सोने चले गए थे। मंगलवार सुबह जब उनकी पत्नी उठीं, तो सोहन सिंह को मृत अवस्था में देखा। उन्होंने तुरंत अपने बेटे अतुल को सूचित किया, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही बिछिया एसडीओपी सौरभ तिवारी, घुघरी थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र सेन और सलवाह चौकी प्रभारी हितेश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए बालाघाट से फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य और फिंगरप्रिंट जुटाए हैं। एडिशनल एसपी शिवकुमार वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गले पर धारदार हथियार से चोट पहुंचाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। मृतक सोहन सिंह गांव में गुनिया था, जो झाड़-फूंक का काम करते थे। पुलिस इस पहलू को ध्यान में रखकर भी जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अज्ञात आरोपियों की तलाश व हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर जांच जारी है।










