गणेश पंडाल पर गिरा बिजली का तार, करंट से 4 युवकों की मौत, 3 घायल

मंडला के नैनपुर हीरापुर में दर्दनाक हादसा

गणेश पंडाल पर गिरा बिजली का तार, करंट से 4 युवकों की मौत, 3 घायल

  • गणेश पंडाल में पसरा मातम
  • तड़के 5 बजे सोते हुए लोगों पर टूटा बिजली का तार

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के नैनपुर क्षेत्र अंतर्गत आने वाले हीरापुर गांव में शनिवार सुबह एक बड़ा और हृदयविदारक हादसा हो गया। यहां एक गणेश पंडाल पर अचानक बिजली का तार टूटकर गिर गया। तार गिरते ही पूरे पंडाल में करंट फैल गया, जिसकी चपेट में आने से चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग झुलस गए हैं।

तड़के 5 बजे हुआ हादसा 

जानकारी अनुसार यह घटना शनिवार तड़के करीब 5 बजे की है। हीरापुर गांव में स्थापित गणेश मंच के पंडाल में रात जागरण के बाद करीब 7 से 8 लोग सो रहे थे। तभी अचानक बिजली के खंभे में लगे टीसी और मीटर के पास से एक तार टूटकर सीधे पंडाल के ऊपर आ गिरा। सो रहे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और करंट पूरे पंडाल में दौड़ गया।

हादसे में 4 युवकों ने गंवाई जान 

इस दर्दनाक घटना में चार युवकों की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान जैनू भांवरे (19 वर्ष), रवि झारिया (24 वर्ष), कृष्ण कुमार भांवरे (18 वर्ष) और वीरेंद्र भांवरे (24 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे में तीन लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें प्रियांशु नामक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

प्रशासन और पुलिस मौके पर, जांच जारी 

घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। नैनपुर एसडीएम आशुतोष ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस, बिजली कंपनी और स्थानीय प्रशासन की टीम फौरन मौके पर पहुंची। एसडीएम ठाकुर ने चार युवकों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों को चिकित्सीय मदद उपलब्ध कराई जा रही है। फिलहाल पुलिस और बिजली विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बिजली का तार किन कारणों से टूटा और क्या इसमें किसी तरह की लापरवाही बरती गई थी। इस घटना के बाद से पूरे हीरापुर गांव में मातम का माहौल है।


Leave a Comment