नैनपुर रेलवे ओवरब्रिज का रास्ता साफ, मंडला फोर्ट पर जल्द शुरू होगी वाटर फिलिंग सुविधा
आम आदमी पार्टी ने कहा, मांगे पूरी न होने पर फिर होगा आंदोलन
- आम आदमी पार्टी और डीआरएम नागपुर के बीच सकारात्मक वार्ता
- 28 सितंबर का प्रस्तावित रेल रोको आंदोलन फिलहाल स्थगित
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले की रेल सुविधाओं के विस्तार और बहुप्रतीक्षित नैनपुर रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी मंडला के पदाधिकारियों ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर के डीआरएम दीपक कुमार गुप्ता से उनके कार्यालय में विस्तृत चर्चा की। डीआरएम की ओर से मिले ठोस आश्वासन और सकारात्मक बातचीत के बाद आम आदमी पार्टी ने 28 सितंबर 2026 को प्रस्तावित अपना रेल रोको आंदोलन फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया है।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने नैनपुर रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण की प्रक्रिया और समय-सीमा पर सवाल किए। इसके जवाब में डीआरएम श्री गुप्ता ने स्पष्ट किया कि ओवरब्रिज के निर्माण में अब कोई तकनीकी बाधा नहीं है। एस्टीमेट तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है और इसके पूरा होते ही जल्द ही टेंडर जारी कर दिए जाएंगे। पार्टी का दावा है कि यह उनके द्वारा 18 जून को दिए गए ज्ञापन और 19 से 21 जुलाई 2026 तक किए गए तीन दिवसीय धरने का परिणाम है कि रेल मंत्रालय ने 23 जुलाई 2026 को महाप्रबंधक को इस कार्य के लिए सेंक्शन लेटर जारी कर दिया है। इसे आम आदमी पार्टी अपनी बड़ी जीत मान रही है।
मंडला फोर्ट में शुरू होगी वाटर फिलिंग सुविधा
आम आदमी पार्टी की 11 सूत्रीय मांगों पर चर्चा करते हुए रेलवे अधिकारियों ने मंडला फोर्ट स्टेशन पर ट्रेनों में वाटर फिलिंग की सुविधा जल्द शुरू करने का आश्वासन दिया है। इस सुविधा के शुरू होने से भविष्य में मंडला से लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन का रास्ता भी खुल जाएगा।
पेंचवेली और नई ट्रेनों की मांग पर रेलवे का रुख
पार्टी के जिला उपाध्यक्ष आनंद प्रकाश तिवारी ने पेंचवेली ट्रेन में नैनपुर-मंडला के बीच यात्रियों को बैठाने और लंबी दूरी की ट्रेनों की कनेक्टिविटी के लिए मेमू ट्रेन चलाने की मांग रखी। इस पर डीआरएम ने बताया कि ट्रेनों के नए संचालन और विस्तार का निर्णय सीधे रेल मंत्रालय द्वारा लिया जाता है।
आंदोलन स्थगित है, समाप्त नहीं -पंकज सोनी
आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष पंकज सोनी ने बताया कि 28 सितंबर का रेल रोको आंदोलन केवल स्थगित किया गया है, समाप्त नहीं हुआ है। पार्टी रेलवे द्वारा दी गई समय-सीमा और आगे की कार्रवाई पर पैनी नजर रखेगी। यदि तय समय में काम शुरू नहीं होता है, तो पार्टी पुन: उग्र आंदोलन की रणनीति तैयार करेगी। नागपुर गए इस प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष पंकज सोनी, उपाध्यक्ष आनंद प्रकाश तिवारी, जिला संगठन मंत्री शिशु सिंधु भलावी और सक्रिय कार्यकर्ता प्रियम गोस्वामी शामिल रहे।










