नगरपालिका हॉल में लगा युवा संगम रोजगार मेला
5 कंपनियों ने लिया भाग, 21 युवाओं का हुआ प्रारंभिक चयन
- रोजगार मेले में युवाओं ने दिखाया उत्साह
- 48 ने कराया पंजीयन
- 5 अभ्यर्थियों को मिला अप्रेंटिसशिप का अवसर
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगरपालिका मंडला के हॉल में ‘युवा संगम रोजगार मेले’ का सफल आयोजन किया गया। यह विशेष आयोजन जिला रोजगार कार्यालय, आईटीआई मंडला और जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। इस रोजगार मेले में स्थानीय और निजी क्षेत्र की 5 प्रतिष्ठित कंपनियों ने सहभागिता कर युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए।
48 आवेदकों ने कराया पंजीयन, 26 को मिली सफलता
रोजगार मेले का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और पूजन-अर्चन के साथ हुआ। मेले में रोजगार पाने की उम्मीद से कुल 48 आवेदकों ने अपना पंजीयन कराया। उपस्थित कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा सभी पंजीकृत अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए गए और उनकी योग्यता को परखा गया। चयन प्रक्रिया के पश्चात 21 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक रूप से चयन किया गया, जबकि 5 अन्य अभ्यर्थियों को अप्रेंटिसशिप के लिए चुना गया।
अधिकारियों ने किया युवाओं का मार्गदर्शन
इस अवसर पर जिला रोजगार अधिकारी श्रीमती सुषमा विश्वकर्मा ने उपस्थित अभ्यर्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने युवाओं को रोजगार के इन अवसरों का लाभ उठाने और अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम का सफल संचालन प्लेसमेंट अधिकारी श्री आनंद मरावी द्वारा किया गया।रोजगार मेले में उपस्थित अभ्यर्थियों को जिला पंचायत मंडला से फेलो महिमा ने मार्गदर्शन दिया।
इस रोजगार मेले में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के प्रबंधक प्रदीप जायसवाल, डीके शाहू, करन मरकाम, आईटीआई से गोविंद पंचेश्वर, जिला पंचायत से फेलो महिमा और शुभम दाहिया सहित संबंधित विभागों के कई अधिकारी व कर्मचारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।











