मुक्की में 64 गाइडों ने सीखी जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण की बारीकियां

कान्हा नेशनल पार्क: मुक्की में 64 गाइडों ने सीखी जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण की बारीकियां

  • कान्हा में दो दिवसीय गाइड प्रशिक्षण संपन्न
  • अनुशासित और प्रकृति-केंद्रित पर्यटन पर रहा अधिकारियों का जोर

मंडला महावीर न्यूज 29. कान्हा टाइगर रिजर्व में पर्यटन को अधिक ज्ञानवर्धक, अनुशासित और प्रकृति-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से मुक्की और खापा प्रवेश द्वार के गाइडों के लिए आयोजित दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हो गया है। 18 और 19 सितंबर 2026 को मुक्की में आयोजित इस शिविर में कुल 64 गाइडों ने हिस्सा लिया, जहां उन्हें वन्यजीवों और पर्यावरण से जुड़ी महत्वपूर्ण बारीकियां सिखाई गईं।

विशेषज्ञों ने दी जैव विविधता की प्रामाणिक जानकारी

पुणे से आए विशेषज्ञ अनुज खरे और उनकी टीम ने इस प्रशिक्षण में गाइडों का मार्गदर्शन किया। टीम ने कान्हा की समृद्ध जैव विविधता, कीट-पतंगों, तितलियों, पक्षियों के साथ-साथ शाकाहारी व मांसाहारी वन्यजीवों की पहचान, उनके व्यवहार और पारिस्थितिकी तंत्र में उनके महत्व पर विस्तृत जानकारी साझा की। इसका मुख्य उद्देश्य यह था कि गाइड सफारी के दौरान पर्यटकों तक वन्यजीवों की एकदम सटीक और प्रामाणिक जानकारी पहुंचा सकें।

फील्ड विजिट में समझा बारहसिंगा का रहवास

क्लासरूम प्रशिक्षण के अलावा गाइडों को क्षेत्र भ्रमण (फील्ड विजिट) पर भी ले जाया गया। इस दौरान उन्हें कान्हा में पाई जाने वाली विभिन्न प्रकार की घास प्रजातियों और यहां के गौरव यानी दुर्लभ बारहसिंगा के प्राकृतिक रहवास की व्यावहारिक समझ दी गई। विशेषज्ञों ने समझाया कि वन्यजीव संरक्षण में स्थानीय वनस्पतियों और उनके रहवास का क्या योगदान होता है।

पर्यटन नियमों के पालन पर जोर

कार्यक्रम में पर्यटन नियमों का कड़ाई से पालन करने और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने पर विशेष बल दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान उप संचालक (कोर) प्रकाश वर्मा, सहायक संचालक (हालोन व फेन) और परिक्षेत्र अधिकारी (मुक्की) विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने गाइडों से इस सीखे गए ज्ञान को अपने दैनिक कार्य में अपनाने और पर्यटकों को पर्यावरण व वन्यजीव संरक्षण के प्रति अधिक जागरूक करने का आह्वान किया।


Leave a Comment