लापता 3 नाबालिगों को नागपुर, सिवनी और मंडला से किया सकुशल दस्तयाब

बम्हनी पुलिस का एक्शन

  • लापता 3 नाबालिगों को नागपुर, सिवनी और मंडला से किया सकुशल दस्तयाब
  • तकनीकी साक्ष्यों और सटीक पड़ताल से दो दिन में खोज निकाले तीन गुमशुदा बच्चे

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में लापता नाबालिग बालक-बालिकाओं की खोजबीन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बम्हनी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के कड़े निर्देशन में कार्रवाई करते हुए बम्हनी थाना पुलिस ने पिछले दो दिनों के भीतर अलग-अलग मामलों में लापता तीन नाबालिगों को सकुशल दस्तयाब कर लिया है।

जानकारी अनुसार बम्हनी थाने में इन बच्चों की गुमशुदगी को लेकर भारतीय न्याय संहिता के तहत तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। मामलों की संवेदनशीलता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा और नैनपुर एसडीओपी मनीष राज के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र रघुवंशी द्वारा एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।गठित टीम ने सबसे पहले परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर सुराग जुटाए। इसके बाद तकनीकी सहायता और सायबर साक्ष्यों के आधार पर नाबालिगों के संभावित ठिकानों की बारीकी से पड़ताल की गई। पुलिस टीम ने मंडला जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली सटीक जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के नागपुर, और मध्य प्रदेश के सिवनी तथा मंडला जिले के विभिन्न स्थानों से तीनों नाबालिग बालक-बालिकाओं को सकुशल खोज निकाला।

इनकी रही अहम भूमिका

नाबालिगों को उनके परिजनों से सुरक्षित मिलाने की इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र रघुवंशी के नेतृत्व में उप निरीक्षक मार्को, उप निरीक्षक बट्टी, सहायक उप निरीक्षक श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक जीवन, महिला आरक्षक स्नेहलता एवं गायत्री तथा आरक्षक योगेश की विशेष भूमिका रही।


 

Leave a Comment