पुराने शिक्षक की वापसी के लिए ग्रामीणों और बच्चों ने स्कूल में जड़ा ताला

समनापुर में शिक्षा व्यवस्था को लेकर आक्रोश

पुराने शिक्षक की वापसी के लिए ग्रामीणों और बच्चों ने स्कूल में जड़ा ताला

  • कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
  • नारायणगंज के समनापुर में स्कूली बच्चों और बुजुर्गों का प्रदर्शन
  • बीईओ के आश्वासन के बाद जगी सुधार की उम्मीद

मंडला महावीर न्यूज 29.  जनपद पंचायत नारायणगंज के अंतर्गत ग्राम समनापुर में स्कूली शिक्षा व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों, पांच मुकदम सयाने (बुजुर्गों), शिक्षा समिति के अध्यक्ष और विद्यार्थियों ने एक महत्वपूर्ण परिचर्चा का आयोजन किया। विद्यालय में पढ़ाई के स्तर को सुधारने और बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए परिचर्चा में उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में पुराने शिक्षक को पुनः स्कूल में पदस्थ करने की पुरजोर मांग उठाई।

मांग मनवाने स्कूल में जड़ा ताला, सौंपा ज्ञापन

अपनी मांग को लेकर ग्रामीण और स्कूली बच्चे इतने लामबंद थे कि उन्होंने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया। इसके पश्चात उन्होंने अपनी मांग प्रशासन के समक्ष रखते हुए जिला कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि विद्यालय में बेहतर शिक्षा व्यवस्था और बच्चों के भविष्य को देखते हुए शिक्षक की समस्या का शीघ्र समाधान किया जाना अति आवश्यक है।

ब्लॉक शिक्षा अधिकारी के आश्वासन के बाद बनी सहमति

स्कूल में तालाबंदी और प्रदर्शन की सूचना मिलते ही ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद विद्यार्थियों और आक्रोशित ग्रामीणों से शांतिपूर्वक चर्चा की तथा उनकी मांग पर जल्द से जल्द उचित व सकारात्मक कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। शिक्षा अधिकारी के इस ठोस आश्वासन के बाद बच्चों और ग्रामीणों को शिक्षा व्यवस्था में सुधार की उम्मीद बंधी है।

इनकी रही प्रमुख उपस्थिति

इस महत्वपूर्ण परिचर्चा और प्रदर्शन के दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच इंद्रजीत मरावी, दुर्गेश सिंगरोरे लोधी, कल्याण मरावी, किशन तेकाम, भागीरथ सोयाम, महादेव मार्को, ओमप्रकाश सहित गांव के बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, बुजुर्ग और सयाने विशेष रूप से उपस्थित रहे।


Leave a Comment