अंजनिया बंजी रोड पर संचालित अंग्रेजी शराब दुकान व अहाता हटाने के लिए लामबंद हुए ग्रामीण
- अंजनिया के स्कूल-कॉलेज और आरक्षित वन के पास से शराब दुकान हटाने की उठी मांग
- छात्राओं की सुरक्षा पर मंडरा रहा खतरा, शिक्षा और वन्यप्राणियों पर पड़ रहा दुष्प्रभाव
मंडला महावीर न्यूज 29. ग्राम पंचायत अंजनिया के अंतर्गत बंजी रोड पर संचालित अंग्रेजी शराब दुकान को हटाने की जनमांग अब जोर पकडऩे लगी है। शिक्षण संस्थानों और आरक्षित वन क्षेत्र के समीप स्थित इस शराब दुकान व उससे लगे अहाते के कारण छात्र-छात्राओं के साथ-साथ वन्यप्राणियों के जीवन पर भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है, जिसे लेकर स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि शराब दुकान के ठीक नजदीक ही एक इंग्लिश मीडियम स्कूल संचालित हो रहा है। इसके साथ ही इसी मार्ग पर दुकान से कुछ ही दूरी पर नवीन महाविद्यालय भवन का निर्माण भी कराया गया है। बताया गया कि इस नवनिर्मित कॉलेज भवन का आज कैबिनेट मंत्री और मंडला सांसद के द्वारा उद्घाटन होना है। नवीन भवन में कक्षाएं शुरू होने के बाद कॉलेज के छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन इसी शराब दुकान के सामने से आवागमन करना पड़ेगा। मार्ग में शराबियों के जमावड़े के कारण विशेषकर छात्राओं की सुरक्षा, मानसिकता और उनके भविष्य पर गहरा दुष्प्रभाव पडऩे की आशंका है।
शराब दुकान हटाने की मांग तेज
स्थानीयजनों का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था के साथ पर्यावरण और वन्यप्राणियों के लिए भी यह दुकान मुसीबत बन गई है। शराब दुकान के पास ही एक अहाता संचालित किया जा रहा है। यहां आने वाले शराबी मदिरापान के बाद खाली कांच की बोतलें, पाउच, पानी की बोतलें और पॉलीथिन सीधे आरक्षित वन क्षेत्र और सड़क किनारे फेंक देते हैं। इस खतरनाक कचरे से जंगल में विचरण करने वाले वन्यप्राणियों के जीवन पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। छात्र-छात्राओं के सुरक्षित भविष्य, शैक्षणिक माहौल की शांति और वन्यप्राणियों के संरक्षण को सर्वोपरि रखते हुए क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि इस शराब दुकान और अहाते को तत्काल प्रभाव से उक्त स्थल से हटाकर किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।










