बड़े रपटा पुल से किशोरी ने नर्मदा में लगाई छलांग
स्थानीय युवकों की तत्परता से बची जान
- रपटा पुल पर बैग-चप्पल छोड़ नदी में कूदी टिकरिया की किशोरी
- रेस्क्यू के बाद जिला अस्पताल में भर्ती, जांच में जुटी पुलिस
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय के बड़े रपटा पुल पर शुक्रवार शाम करीब 5.30 बजे उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक किशोरी अपना बैग और चप्पल पुल पर छोड़कर नर्मदा नदी में कूद गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पुल पर जमा हो गए और तत्काल इसकी सूचना प्रशासन को दी गई।
बताया गया कि युवती के नर्मदा नदी में कूदने की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और होमगार्ड की टीम मौके पर पहुंची और नदी व आसपास के क्षेत्र में सघन तलाश अभियान शुरू किया। इसी बीच पुलिस ने पुल पर छोड़े गए किशोरी के बैग की तलाशी ली, जिसमें एक सिम कार्ड बरामद हुआ। इस सिम कार्ड के आधार पर किशोरी की पहचान की गई, जो टिकरिया थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है।
बताया गया कि तलाश अभियान के दौरान ही नदी के पास मौजूद कुछ स्थानीय युवकों ने तत्परता दिखाते हुए डूबती हुई किशोरी को सुरक्षित बचा लिया। इसके बाद होमगार्ड की टीम की मदद से उसे नर्मदा नदी से बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के लिए तुरंत जिला अस्पताल मंडला ले जाया गया। जहां युवती का उपचार किया जा रहा है।
कारणों की जांच में जुटी पुलिस
किशोरी के सुरक्षित मिलने के बाद पुलिस अब इस पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई है। कोतवाली पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि टिकरिया क्षेत्र की रहने वाली किशोरी बड़े रपटा पुल तक कैसे पहुंची और उसने यह आत्मघाती कदम किन कारणों के चलते उठाया। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर विस्तृत जांच की जा रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जाएगी।










