प्रेम प्रसंग में धोखा मिलने पर युवक ने की आत्महत्या

प्रेम प्रसंग में धोखा मिलने पर युवक ने की आत्महत्या

मौत से पहले वीडियो में प्रेमिका पर लगाए गंभीर आरोप

  • बेवफाई से टूटकर युवक ने पिया कीटनाशक
  • मोबाइल में मिले सुबूतों के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के स्वामी सीताराम वार्ड में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रेम प्रसंग में मिले धोखे से आहत होकर एक युवक ने कीटनाशक पीकर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान आशीष यादव के रूप में हुई है। आत्महत्या करने से पहले आशीष ने अपने मोबाइल से एक वीडियो भी बनाया था, जिसमें उसने अपनी प्रेमिका और उसके एक अन्य प्रेमी पर धोखेबाजी के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस घटना के बाद परिजनों में भारी शोक और आक्रोश है, उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।जानकारी अनुसार आशीष ने 15 सितंबर को अज्ञात कारणों के चलते कीटनाशक पी लिया था। तबीयत बिगडऩे पर परिजनों ने उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसकी हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी। अस्पताल में कई दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद, गुरुवार सुबह इलाज के दौरान आशीष ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया है।

चार वर्ष से चल रहा था प्रेम प्रसंग 

मृतक के मोबाइल से बरामद वीडियो में आशीष ने खुलासा किया है कि उसका घुटास निवासी एक युवती के साथ पिछले चार साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। विगत 10 सितंबर को जब वह युवती से मिला, तो उसे उसके सोशल मीडिया अकाउंट से पता चला कि युवती का किसी अन्य व्यक्ति से भी लंबे समय से संबंध है। आशीष के मुताबिक वह दूसरा व्यक्ति पहले से ही शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है। आशीष ने वीडियो में अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि इस विश्वासघात ने उसे मानसिक और शारीरिक रूप से पूरी तरह तोड़ दिया था, जिसके चलते वह यह आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हुआ।

पुलिस कर रही घटना की जांच 

मृतक की बहन आशा यादव ने बताया कि आशीष के मोबाइल में वीडियो के साथ युवती और उसके कथित प्रेमी की चैट के स्क्रीनशॉट भी बतौर साक्ष्य मिले हैं। परिजनों ने इन सबूतों के आधार पर युवती के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वीडियो और मोबाइल में मिले अन्य इलेक्ट्रॉनिक सुबूतों को अपने कब्जे में ले लिया है और घटना की गहनता से जांच शुरू कर दी है।


Leave a Comment