रेलवे क्रॉसिंग के पास मारुति वैन में लगी आग, बाल-बाल बचा चालक

महाराजपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास मारुति वैन में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचा चालक

धू-धू कर जली मैकेनिक की वैन

  • गैरेज की मारूति वैन का सारा सामान खाक
  • पुलिस और स्थानीय लोगों की सहायता से आग पर पाया काबू

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के उपनगर महाराजपुर क्षेत्र में एक बड़ा हादसा होने से उस वक्त टल गया, जब रेलवे क्रॉसिंग के समीप एक मारुति वैन में अचानक भीषण आग लग गई। इस आगजनी की घटना में सबसे बड़ी गनीमत यह रही कि वैन का चालक समय रहते खतरे को भांप गया और तुरंत वाहन से नीचे उतर गया, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई। हालांकि इस अग्निकांड में वाहन और उसमें रखा गैरेज का सारा कीमती सामान जलकर पूरी तरह से खाक हो गया।जानकारी अनुसार यह घटना महाराजपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास की है। मारुति वैन क्रमांक एमपी 20 बीए 1657 महाराजपुर से रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित एक गैरेज की ओर जा रही थी। इस दौरान अचानक अज्ञात कारणों के चलते वाहन से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरी वैन को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आस-पास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया गया कि यह मारुति वैन स्थानीय मोटर गैरेज के मिस्त्री अक्षय पटेल की थी। घटना के वक्त वैन के अंदर गैरेज में मरम्मत के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरणों और गाडिय़ों का बहुत सारा जरूरी सामान रखा हुआ था। आग लगने की वजह से मारुति वैन का ढांचा तो पूरी तरह से जल ही गया, साथ ही अंदर रखा वह सारा कीमती सामान भी राख में तब्दील हो गया। इस घटना से वैन मालिक को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है।घटना की भयावहता को देखते हुए वहां मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना महाराजपुर पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही महाराजपुर थाना प्रभारी डॉ. जयसिंह यादव अपने पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गए। थाना प्रभारी ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का मोर्चा संभाला। पुलिस स्टाफ और ग्रामीणों की सूझ-बूझ के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया।
फिलहाल आग लगने का स्पष्ट कारण अज्ञात है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वाहन में शॉर्ट सर्किट हुआ था या इसके पीछे कोई अन्य तकनीकी खामी थी। समय पर की गई कार्रवाई से आग को अन्य वाहनों या आस-पास के क्षेत्रों तक फैलने से रोक लिया गया।


Leave a Comment