मंडला फोर्ट स्टेशन से पेंचवेली और नागपुर ट्रेन की मांग तेज

मंडला फोर्ट स्टेशन से पेंचवेली और नागपुर ट्रेन की मांग तेज

  • 18 सितंबर को बलिदान दिवस पर बड़े ऐलान की उम्मीद
  • अमृत भारत स्टेशन होने के बावजूद मूलभूत सुविधाओं को मोहताज मंडला फोर्ट

मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी बाहुल्य मंडला जिले के प्रमुख रेलवे स्टेशन मंडला फोर्ट से यात्री ट्रेनों के नियमित संचालन और सुविधाओं के विस्तार की मांग एक बार फिर जोर पकडऩे लगी है। समाजसेवी अखिलेश सोनी और रेलवे समिति के युवा सदस्यों ने पेंचवेली और नागपुर के लिए सीधी ट्रेन शुरू करने और स्टेशन के अधूरे विकास कार्यों को लेकर रेल मंत्रालय व स्थानीय जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं।बताया गया कि मंडला फोर्ट को अमृत भारत स्टेशन के रूप में विकसित किए जाने के बावजूद यहां लिफ्ट, व्यवस्थित प्लेटफॉर्म और पुलिस चौकी जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। विगत 14 सितंबर गणेश चतुर्थी को पेंचवेली ट्रेन के शुभारंभ की उम्मीद थी, लेकिन कोई ठोस पहल नहीं हो सकी। युवाओं ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें नहीं मानी गईं, तो वे जनहित में आंदोलन के लिए भी तैयार हैं।

स्थानीय जनों की प्रमुख मांगें 

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि मंडला फोर्ट से पेंचवेली और नागपुर के लिए सीधी यात्री ट्रेन का संचालन शीघ्र शुरू हो। क्षेत्र की ऐतिहासिक और आदिवासी पहचान को देखते हुए गोंडवाना एक्सप्रेस का संचालन मंडला फोर्ट से किया जाए। स्टेशन के मुख्य द्वार पर वीरांगना रानी दुर्गावती की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाए। मंडला फोर्ट को भविष्य में महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों से सीधे जोडऩे वाले एक महत्वपूर्ण रेल जंक्शन के रूप में विकसित करने की मांग की है।

18 सितंबर पर टिकी निगाहें 

अब स्थानीय लोगों को 18 सितंबर को मनाए जाने वाले शंकरशाह-रघुनाथ शाह बलिदान दिवस से भारी उम्मीदें हैं। माना जा रहा है कि इस अवसर पर रेलवे या प्रशासन की ओर से कोई बड़ी घोषणा हो सकती है। समाजसेवी अखिलेश सोनी का कहना है कि वर्तमान में नए रेलमार्गों बिलासपुर-मंडला-जबलपुर से अधिक प्राथमिकता मौजूद स्टेशन के विकास की है। उन्होंने जिले के सभी सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन से अपील की है कि वे क्षेत्र के बेहतर रेल संपर्क और मंडला फोर्ट के कायाकल्प के लिए एकजुट होकर आवाज उठाएं, जिससे रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए पलायन करने वाले आम नागरिकों को सुविधा मिल सके।


Leave a Comment