गैस सिलेंडर ब्लास्ट से मची अफरा तफरी

गैस लीक होने से पीएम आवास में जोरदार धमाका

उड़े मकान के दरवाजे और छत, मामा-भांजा झुलसे

  • रानी दुर्गावती वार्ड में सुबह-सुबह गैस सिलेंडर ब्लास्ट से मची अफरा तफरी
  • अस्पताल में घायलों का इलाज जारी, पुलिस जांच में जुटी

मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय के रानी दुर्गावती वार्ड में बुधवार सुबह गैस सिलेंडर लीक होने से दो लोग इसकी चपेट में आ गए। बताया गया कि इस हादसे में घर में मौजूद मामा और भांजा गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उनका सघन उपचार जारी है। घायलों की पहचान 38 वर्षीय रजत गुप्ता और उनके 14 वर्षीय भांजे अंबर गुप्ता के रूप में हुई है।स्थानीय लोगों ने बताया कि यह हादसा सुबह करीब 8 बजे रानी अवंती बाई स्कूल के सामने स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने एक मकान में हुआ। बताया गया कि रजत गुप्ता, जो पेशे से चाट-पकौड़ी का ठेला लगाते हैं, सुबह कमरे में गैस चूल्हे पर कुछ बना रहे थे। इसी बीच सिलेंडर से गैस लीक होकर कमरे में भर गई और चिंगारी भड़कने से अचानक तेज धमाका हो गया।
धमाका इतना शक्तिशाली था कि मकान का लोहे का दरवाजा टूटकर कई फीट दूर जा गिरा। इसके साथ ही छप्पर की टीन और खपरे भी उड़ गए, जिसका असर आसपास के मकानों पर भी पड़ा है। चूल्हे के समीप होने के कारण रजत आग की लपटों में घिर गए, वहीं पास में सो रहा उनका भांजा अंबर भी आग की चपेट में आकर झुलस गया। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया है और हादसे के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।


Leave a Comment