कान्हा टाइगर रिजर्व: सांभर के शिकार मामले में वन विभाग की कार्रवाई
तीन आरोपी गिरफ्तार
- कटंगटोला में सांभर का शिकार
- मांस के साथ पकड़े गए तीन शिकारी
- न्यायालय ने भेजा जेल
मंडला महावीर न्यूज 29. कान्हा टाइगर रिजर्व के बफर जोन में वन्यजीवों के शिकार पर लगाम कसते हुए वन विभाग ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। सिझोरा परिक्षेत्र (बीट कटंगी) के ग्राम कटंगटोला में सांभर का शिकार करने के आरोप में वन अमले ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल मंडला भेज दिया गया है।
पोला पर्व के दौरान वन्यजीव अपराधों की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्र संचालक एवं उपसंचालक के निर्देश पर बफर क्षेत्र में गश्त और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था। इसी दौरान वन विभाग को कटंगटोला में सांभर के शिकार की विश्वसनीय सूचना मिली। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने गांव के निवासी रामफल (पिता इमरत), संतू (पिता सुखधन) और चैनसिंह (पिता बैशाखू) को धर दबोचा। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से सांभर का मांस और अन्य अवयव भी जब्त किए गए।
कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीव संरक्षण के प्रति विभाग की ‘शून्य-सहिष्णुता’ (जीरो टॉलरेंस) नीति है। बफर क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है और अवैध शिकार में शामिल लोगों पर कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। इस महत्वपूर्ण धरपकड़ में परिक्षेत्र अधिकारी सिझोरा अभिषेक दुबे, परिक्षेत्र सहायक मगधा दुर्गेश मरावी, परिक्षेत्र सहायक मांझीपुर राज कुमार कुलस्ते और बीट प्रभारी कटंगी अभय परिहार सहित अन्य वन कर्मियों की विशेष भूमिका रही।










