घुघरी शराब दुकान पर प्रशासन का संयुक्त छापा

घुघरी शराब दुकान पर प्रशासन का संयुक्त छापा

मिलीं कई अनियमितताएं, गोदाम जांच के सख्त निर्देश

  • एसडीएम और एसडीओपी के निरीक्षण में खुली शराब दुकान की पोल
  • गड़बड़ी मिलने पर दुकान सील करने की चेतावनी

मंडला महावीर न्यूज 29.  घुघरी स्थित शासकीय शराब दुकान पर शनिवार को राजस्व, पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने सघन निरीक्षण किया। इस औचक कार्रवाई में टीम को दुकान के संचालन, स्टॉक, रेट लिस्ट और बिलिंग व्यवस्था में कई खामियां और अनियमितताएं मिलीं। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल के साथ स्थानीय ग्रामीण और पत्रकार भी मौजूद रहे।इस संयुक्त दल का नेतृत्व एसडीएम संस्कार बाबरिया और एसडीओपी सौरभ तिवारी ने किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम बाबरिया ने आबकारी अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि वे तत्काल शराब दुकान के गोदाम की सघन जांच करें और दस्तावेजों के साथ उपलब्ध स्टॉक का अक्षरशः मिलान करें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि इस जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कोताही बरतने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई होगी।एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शराब दुकान के कर्मचारियों के साथ नियमानुसार और निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। यदि जांच में अनियमितताएं प्रमाणित होती हैं, तो दुकान को तत्काल प्रभाव से सील किया जाए।

इस बड़ी कार्रवाई के बाद अब क्षेत्र के लोगों की निगाहें संबंधित विभाग की अंतिम रिपोर्ट पर टिक गई हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जांच में गड़बड़ी सही पाए जाने पर नियमों के तहत जुर्माना लगाने के साथ-साथ लाइसेंस संबंधी सख्त कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।


रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️


Leave a Comment