समाजसेवी दीपक सोनी की अनूठी पहल
20 वर्षों से कर रहे हरछठ पूजन सामग्री का नि:शुल्क वितरण
- तेज बारिश में भी उमड़ी महिलाओं की भीड़
- व्रती माताओं को 20 साल से मुफ्त पूजन सामग्री बांट रहे दीपक
मंडला महावीर न्यूज 29. हल षष्ठी के पावन पर्व पर शहर के समाजसेवी दीपक सोनी द्वारा विगत 20 वर्षों से पूजन सामग्री का नि:शुल्क वितरण किया जा रहा है। माताओं को व्रत सामग्री जुटाने में कोई परेशानी न हो, इसी उद्देश्य के साथ उन्होंने इस वर्ष भी संपूर्ण पूजन सामग्री नि:शुल्क वितरित की। तेज बारिश के बावजूद उनके निवास के बाहर महिलाओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई, जहां छाते लगाकर कतार में खड़ी महिलाओं ने पूजन सामग्री प्राप्त की।
दीपक सोनी ने बताया कि हरछठ का व्रत माताएं अपने पुत्रों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए करती हैं। यह एक कठिन व्रत है, इसलिए व्रती महिलाओं को सामग्री के लिए भटकना न पड़े, इसी भाव के साथ वे पिछले दो दशकों से यह नि:स्वार्थ सेवा कर रहे हैं। पूरे नगर में उनकी इस पहल की व्यापक चर्चा और प्रशंसा हो रही है।
बताया गया कि वितरित की गई प्रमुख पूजन सामग्रियों में महुआ का पत्ता और महुआ का फल, कांस के 6 छोटे डंडे, भैंस के दूध का दही और घी, पूजन के लिए काली गाय का गोबर और कुशा, हल्दी, कुमकुम, अक्षत और गंगाजल, सगरी छोटा तालाब बनाने के लिए मिट्टी, लाई, महुआ के लड्डू और पसहर चावल दिए गए।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में व्रती माताओं ने दीपक सोनी को आशीर्वाद दिया। माताओं का कहना था कि तेज बारिश के बीच एक ही स्थान पर नि:शुल्क सभी सामग्रियां उपलब्ध हो जाना उनके लिए बहुत बड़ी मदद है। मंडला के समाजसेवी सुधीर कांसकार ने भी दीपक सोनी की इस 20 वर्षीय निरंतर और नि:स्वार्थ सेवा की सराहना करते हुए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया है।








