लूटे गए पैसों से खरीदे आईफोन और बाइक, चोरी का पर्दाफाश

नैनपुर पुलिस ने किया सूने मकान में लाखों की चोरी का पर्दाफाश

नागपुर से माल बरामद कर आरोपी भेजे गए जेल

  • कामवाली के बेटे ने दोस्तों के साथ रची थी चोरी की साजिश
  • लूटे गए पैसों से खरीदे आईफोन और बाइक, पुलिस ने किया भंडाफोड़

मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में थाना नैनपुर पुलिस ने एक सूने मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात महाराष्ट्र के नागपुर से बरामद कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें न्यायालय के आदेश पर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

शिकायतकर्ता अनंत कुमार वैष्णव निवासी वार्ड क्रमांक 15, खेरमाई रोड, नैनपुर ने विगत 6 जून को नैनपुर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि वे 4 मई से सपरिवार विवाह कार्यक्रम में शामिल होने मंडला, जबलपुर और भोपाल गए हुए थे। 6 जून की शाम जब वे घर वापस लौटे, तो मकान के पीछे के दरवाजों की कुंडी टूटी मिली और अंदर का ताला खुला हुआ था। घर की पेटी और अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात और लगभग 2 लाख 25 हजार रुपये की नकदी गायब थी।

पूछताछ में कामवाली के बेटे ने उगला सच 

पुलिस ने विवेचना के दौरान शिकायतकर्ता के घर में काम करने वाली महिला के बेटे प्रिंस मर्सकोले से कड़ाई से पूछताछ की। प्रिंस ने अपने साथी परम मरकाम और एक बाल अपचारी के साथ मिलकर चोरी की बात कबूल कर ली। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने चोरी की नकदी से एक मोटरसाइकिल और आईफोन खरीदा और बाकी पैसे शराब पीने और घूमने-फिरने में उड़ा दिए। परम मरकाम और बाल अपचारी को पुलिस पहले ही न्यायालय में पेश कर चुकी थी।

नागपुर में बेचा गया था माल, पुलिस ने की बरामदगी 

विवेचना में सामने आया कि जेवरात घटेरी निवासी कन्हैया मरकाम के माध्यम से बेचे गए थे। 30 अगस्त को पुलिस ने कन्हैया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर नैनपुर पुलिस ने नागपुर जाकर कन्हैया की बहन अनिला उइके, शुभम उइके और आकाश कड़वे सभी निवासी नागपुर को हिरासत में लिया और चोरी का माल बरामद किया। इस मामले में एक अन्य आरोपी मोबाइल बंद कर फरार है, जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका 

पुलिस द्वारा जब्त की गई संपत्ति की अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये बताई गई। जिसमें 3 सोने के सिक्के वजन लगभग 3 तोला, 1 सोने का मंगलसूत्र और 6 जोड़ी चांदी की पायल जब्त किये है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मंशाराम वगेन, निरीक्षक दीपक बघेल, एएसआई जगदीश सेयाम, विभा खान, आरक्षक राजकुमार, अक्षय भलावी, प्रशांत बघेल, ओ.पी. बघेल, सुरेश भटेरे और उनकी टीम की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।


 

Leave a Comment