आदिवासी अंचल को महाकाल से जोड़ने की मुहिम

आदिवासी अंचल को महाकाल से जोड़ने की मुहिम

पेंचवैली एक्सप्रेस को मंडला फोर्ट तक विस्तार और उज्जैन होकर चलाने की मांग तेज

  • मंडला फोर्ट तक खाली दौड़ रही पेंचवैली एक्सप्रेस को यात्री सेवा में बदलने का प्रस्ताव
  • छिंदवाड़ा-सिवनी के श्रद्धालुओं को भी मिलेगा सीधा लाभ

मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी बहुल मंडला जिले को बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से सीधे जोड़ने के लिए रेल प्रशासन के समक्ष एक तकनीकी प्रस्ताव पेश किया गया है। रेल एक्टिविस्ट नितिन सोलंकी ने रेल मंत्रालय, रेलवे बोर्ड, पश्चिम रेलवे और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र (पत्रांक: SN/MP/2026/36) भेजकर पेंचवैली एक्सप्रेस (19343/19344) का मंडला फोर्ट तक व्यावसायिक विस्तार करने और इसका मार्ग बदलकर उज्जैन जंक्शन से चलाने की औपचारिक मांग उठाई है।

प्रस्ताव में शामिल तीन प्रमुख मांगें और उनके आधार

मंडला फोर्ट से हो यात्री संचालन

वर्तमान में पेंचवैली एक्सप्रेस का रैक प्रतिदिन नैनपुर से मंडला फोर्ट तक खाली (Empty Rake) लाया जाता है। SECR नागपुर मंडल के पत्र (क्रमांक 1309) के तहत मंडला फोर्ट स्टेशन पर नाइट क्लीनिंग और वॉटरिंग की ऑन-रिकॉर्ड स्वीकृति मिल चुकी है। इसलिए, खाली रैक दौड़ाने के बजाय इसे मंडला फोर्ट से ही टिकट बुकिंग और बोर्डिंग सुविधा के साथ व्यावसायिक यात्री सेवा के रूप में शुरू किया जाए।

उज्जैन जंक्शन से हो मार्ग परिवर्तन (डायरेक्ट कनेक्टिविटी)

फिलहाल यह ट्रेन देवास-मक्सी मार्ग से होकर उज्जैन जंक्शन को बायपास कर देती है। प्रस्ताव में मांग की गई है कि इसे मंडला फोर्ट-नैनपुर-छिंदवाड़ा-मक्सी-उज्जैन जंक्शन-देवास-इंदौर मार्ग से चलाया जाए। इससे मंडला, सिवनी और छिंदवाड़ा अंचल के यात्रियों को महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए सीधी ट्रेन सुविधा मिल सकेगी।

अंतर-जोनीय समन्वय (Inter-Zonal Coordination)

पश्चिम रेलवे (रतलाम मंडल) और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (नागपुर मंडल) के बीच समन्वय स्थापित कर रेलवे बोर्ड द्वारा इस विस्तार और मार्ग परिवर्तन की आधिकारिक अधिसूचना जल्द जारी की जाए।

विशेषज्ञों और यात्रियों का तर्क

रेलवे मामलों के जानकार अम्बरीष कुमार का कहना है कि जब मंडला फोर्ट स्टेशन पर गाड़ियों की नाइट क्लीनिंग और वॉटरिंग की व्यवस्था स्वीकृत है, तो खाली रैक चलाने के बजाय इसे मंडला फोर्ट से ही यात्रियों के लिए शुरू किया जाना चाहिए। इससे क्षेत्रीय जनता को सीधी रेल सुविधा मिलेगी और रेलवे के राजस्व में भी वृद्धि होगी।

वहीं, स्थानीय यात्री विनोद के अनुसार, वर्तमान में पेंचवैली एक्सप्रेस उज्जैन को बायपास करते हुए निकलती है। यदि इसे मंडला फोर्ट से चलाकर उज्जैन के रास्ते इंदौर भेजा जाए, तो महाकौशल क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं को बाबा महाकाल के दर्शन हेतु एक बेहद सुविधाजनक और सीधी रेल सेवा प्राप्त हो सकेगी।


Leave a Comment