मंडला के रंजीत कछवाहा बने सूर्यवंशी कछवाहा-कुशवाहा राजपूत महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता, समाजजनों में हर्ष
- इंदौर में आयोजित हुई महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक
- युवाओं को आगे लाने और सनातन संस्कृति को मजबूत करने पर जोर
मंडला महावीर न्यूज 29. इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर परिसर स्थित भक्त निवास में सूर्यवंशी कछवाहा–कुशवाहा राजपूत महासभा भारत की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस राष्ट्रीय स्तरीय बैठक में अहम निर्णय लेते हुए मंडला (मध्य प्रदेश) के रंजीत कछवाहा को महासभा का राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोनीत किया गया है। उन्हें यह राष्ट्रीय जिम्मेदारी मिलने पर पूरे जिले और समाजजनों में हर्ष का माहौल है।
यज्ञ-हवन और श्रीराम वंदना से हुआ शुभारंभ
बैठक का शुभारंभ यज्ञ-हवन तथा भगवान श्रीराम एवं महाराज कुश-लव के तैलचित्र पर माल्यार्पण, तिलक-वंदन और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। समाज की मातृशक्ति एवं बेटियों ने देश के विभिन्न राज्यों से आए राष्ट्रीय पदाधिकारियों व अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत किया।
राष्ट्रीय एवं प्रदेश कार्यकारिणी में नई नियुक्तियां
इस महत्वपूर्ण बैठक में राष्ट्रीय एवं मध्य प्रदेश कार्यकारिणी का पुनर्गठन करते हुए कई नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। रंजीत कछवाहा को राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाने के साथ ही, इंदौर के एडवोकेट अनिल कुशवाहा को राष्ट्रीय कार्यकारिणी अध्यक्ष और देवेंद्र दुबगे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं, मध्य प्रदेश कार्यकारिणी के लिए जबलपुर के अनिल कनौजिया को प्रदेश अध्यक्ष, इंदौर के संजय कुशवाहा को प्रदेश महासचिव और राजकुमार हरदहा को प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
युवाओं के नेतृत्व और भविष्य की योजनाओं पर मंथन
बैठक में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कछवाहा (कोटा, राजस्थान) ने संगठन के भविष्य और नेतृत्व पर अपने विचार रखे, जबकि राष्ट्रीय महासचिव बाबू सिंह कुशवाहा ने उपस्थित पदाधिकारियों से आगामी सामाजिक योजनाओं पर सुझाव लिए। इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समाज के प्रतिभाशाली, सक्रिय एवं संस्कारवान युवाओं को संगठन में आगे लाया जाएगा।
प्रभु श्रीराम और महाराज कुश-लव के आदर्शों को केंद्र में रखकर सनातन संस्कृति व समाजसेवा को मजबूत करने का भी संकल्प लिया गया। महासभा की अगली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आगामी छह माह बाद, दिसंबर माह में आयोजित होने की संभावना है।











