डेढ़ साल से लापता युवती को घुघरी पुलिस ने नागपुर से किया दस्तयाब
परिवार में लौटी खुशियां
- सैलवारा की 22 वर्षीय युवती 18 महीने बाद मिली
- घुघरी पुलिस की तत्परता से सकुशल पिता के किया सुपुर्द
मंडला महावीर न्यूज 29. थाना घुघरी पुलिस ने पिछले डेढ़ साल से लापता चल रही एक 22 वर्षीय युवती को महाराष्ट्र के नागपुर से सकुशल दस्तयाब करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। लंबे समय से लापता बेटी के सकुशल घर लौटने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
घुघरी पुलिस ने बताया कि ग्राम सैलवारा थाना घुघरी निवासी भब्बू नंदा की 22 वर्षीय पुत्री नंदनी लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर थाना घुघरी में विगत 14 जनवरी 2025 को गुम इंसान के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद से ही घुघरी पुलिस युवती की सरगर्मी से तलाश कर रही थी और हर संभावित ठिकाने पर दबिश दे रही थी।
नागपुर में मिली लोकेशन, टीम भेजकर की गई कार्रवाई
युवती की तलाश के दौरान थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र सेन के निर्देशन में पुलिस टीम लगातार सूचना तंत्र सक्रिय किए हुए थी। इसी बीच पुलिस को नंदनी के महाराष्ट्र के नागपुर में होने की पुख्ता जानकारी मिली। सूचना के आधार पर उप निरीक्षक रामकिशोर माथरे के नेतृत्व में एक टीम तत्काल नागपुर रवाना की गई, जहां से युवती को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया। घुघरी पुलिस के इन निरंतर प्रयासों से एक परिवार को उनकी बेटी वापस मिल सकी।
रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️









