ग्राम पंचायत में 30 वर्षों तक सेवाएं देने वाले 90 वर्षीय पूर्व भृत्य का निधन

ग्राम पंचायत में 30 वर्षों तक सेवाएं देने वाले 90 वर्षीय पूर्व भृत्य का निधन

  • मिलनसार और स्वच्छ छवि वाले वयोवृद्ध का लंबी बीमारी के बाद निधन
  • सर्व समाज ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई

मंडला महावीर न्यूज 29.  ग्राम पंचायत में लगभग तीन दशकों तक अपनी निरंतर सेवाएं देने वाले स्थानीय ग्राम देवरी कला बवलिया के वरिष्ठ नागरिक एवं पूर्व पंचायत भृत्य मुन्ना मांडवे का 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। जानकारी अनुसार वे पिछले 15 दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और विगत रात्रि उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया गया कि ग्राम पंचायत से अपनी 30 वर्ष की लंबी सेवाएं पूर्ण करने के बाद वे अपने पारिवारिक जीवन और खेती-किसानी में समय व्यतीत कर रहे थे। वे एक अत्यंत मिलनसार और स्वच्छ छवि वाले व्यक्ति थे, जो समाज में भी लगातार अपना योगदान देते रहे। वे अपने पीछे पुत्र, बहू और दो नातियों सहित एक भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

सर्व समाज ने अर्पित किए श्रद्धा सुमन 

दिवंगत आत्मा के प्रति क्षेत्र के लोगों में गहरा सम्मान था। उनके निधन पर शोक व्यक्त करने और अंतिम दर्शन के लिए सभी धर्म और जातियों के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। उपस्थित सभी धर्मप्रेमियों और ग्रामीणों ने नम आंखों से दिवंगत आत्मा को श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी।


Leave a Comment