एसकेडीवी मिशन की महिलाओं ने मोहगांव थाने में पुलिस जवानों को बांधा रक्षा सूत्र
सुरक्षाकर्मियों के जज्बे को किया सलाम
- पुलिसकर्मियों के साथ कबीर धर्मदास मिशन ने मनाया रक्षाबंधन
- थाना प्रभारी ने सामाजिक पहल की जमकर की सराहना
मंडला महावीर न्यूज 29. सद्गुरु कबीर साहब एवं धनी धर्मदास साहब की विचारधारा पर चलने वाले एसकेडीवी (सद्गुरु कबीर धनी धर्मदास वंशावली) मिशन की महिला इकाई ने शुक्रवार को मोहगांव थाने पहुंचकर पुलिस जवानों के साथ रक्षाबंधन का पावन पर्व मनाया। मिशन की महिलाओं ने समाज और देश की सुरक्षा में दिन-रात तैनात रहने वाले पुलिस भाइयों की कलाइयों पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एसकेडीवी मिशन की राष्ट्रीय महिला प्रतिनिधि श्रीमती किरण मालपुरे गोस्वामी के आह्वान पर यह कार्यक्रम दोपहर 3.30 बजे आयोजित किया गया। इस अवसर पर मिशन के मध्य प्रदेश राज्य उप प्रतिनिधि महंत सोनादास साहब, मंडला जिला प्रतिनिधि तुलसीराम पड़वार और जिला महिला उप प्रतिनिधि श्रीमती फूलवती मानिकपुरी का विशेष सानिध्य रहा। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने सर्दी, गर्मी, नदी, पहाड़ और कठिन से कठिन परिस्थितियों में मुस्तैदी से खड़े रहने वाले जवानों के उत्कृष्ट कार्यों की भूरि-भूरि सराहना की और उन्हें भाई-बहन के अमर प्रेम के प्रतीक रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

इन महिलाओं ने बांधा रक्षा सूत्र
मोहगांव थाने के नौजवान सुरक्षाकर्मियों को राखी बांधने वालों में जिला महिला उप प्रतिनिधि फूलवती मानिकपुरी, ग्रामीण महिला प्रतिनिधि अनिता पड़वार, फूलवती कोठी, दुर्गा बाई, रजनी बघेल, जुगरीबाई सोनवानी, मोनिका मोगरे, अमरवती गायकवाड़ और सीमा गायकवाड़ शामिल रहीं। इस आत्मीय कार्यक्रम में एसकेडीवी मिशन के जिला सलाहकार रमेश मानिकपुरी, महंत भल्लूदास साहब, तहसील घुघरी उपप्रतिनिधि गौतम दास कोठी, युवा प्रतिनिधि सतीश मोगरे, ग्रामीण प्रतिनिधि राजकुमार बैरागी, गणेश सोनवानी, संजय बघेल और दुर्गेश गायकवाड़ भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मोहगांव थाना प्रभारी वेदराम हनोते ने पुलिस परिवार की ओर से सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मिशन की इस सकारात्मक और प्रेमपूर्ण पहल पर खुशी जाहिर करते हुए सद्गुरु कबीर धनी धर्मदास साहब वंशावली मिशन के सामाजिक कार्यों की जमकर प्रशंसा की।
मंडला सिटी कोतवाली में एस.के.डी.वी. मिशन की महिलाओं ने पुलिस जवानों को बांधी राखी
उत्कृष्ट सेवा को किया सलाम
- कबीर धर्मदास मिशन ने पुलिसकर्मियों के साथ मनाया रक्षाबंधन
- सुरक्षाकर्मियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना
मंडला महावीर न्यूज 29. सद्गुरु कबीर साहब एवं धनी धर्मदास साहब की विचारधारा पर चलने वाले एस.के.डी.वी. (सद्गुरु कबीर धनी धर्मदास वंशावली) मिशन की महिला इकाई ने 28 अगस्त को मंडला सिटी कोतवाली पहुंचकर पुलिस जवानों के साथ रक्षाबंधन का पावन पर्व मनाया।
मिशन की राष्ट्रीय महिला प्रतिनिधि आदरणीया श्रीमती किरण मालपुरे गोस्वामी जी के आह्वान पर, महिला तहसील प्रतिनिधि रिंकी सोनवानी के नेतृत्व में महिलाएं दोपहर 3:30 बजे सिटी कोतवाली पहुंचीं। यहां उन्होंने समाज और देश की सुरक्षा में दिन-रात मुस्तैदी से तैनात रहने वाले पुलिस भाइयों की कलाइयों पर रक्षा सूत्र (राखी) बांधा। महिलाओं ने सर्दी, गर्मी, नदी और पहाड़ों जैसी कठिन परिस्थितियों में भी जवानों द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की भूरि-भूरि सराहना की।
भाई-बहन के अमर प्रेम के इस धार्मिक पर्व पर मिशन की महिलाओं ने सद्गुरु कबीर साहब से सभी सिपाही भाइयों के उज्ज्वल भविष्य और सलामती की प्रार्थना करते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इन महिलाओं ने बांधा रक्षा सूत्र
सिटी कोतवाली के नौजवान सुरक्षाकर्मियों को रक्षा सूत्र बांधने के इस आत्मीय कार्यक्रम में महिला तहसील प्रतिनिधि रिंकी सोनवानी के साथ लक्ष्मी कोठी, रेखा सोनवानी, सीताबाई, खेदी बाई और नंदिनी गायकवाड़ विशेष रूप से उपस्थित रहीं।










