कान्हा टाइगर रिजर्व: मुक्की रेंज में मिला अत्यंत कमजोर बाघ शावक
रेस्क्यू कर क्वारंटाइन सेंटर भेजा गया
- भूख के कारण बेहाल हुए बाघ शावक का कान्हा में सफल रेस्क्यू
- वन्यजीव चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा इलाज
कान्हा टाइगर रिजर्व: कान्हा टाइगर रिजर्व की मुक्की रेंज में 27 अगस्त 2026 को गश्ती के दौरान वन विभाग के मैदानी अमले ने एक अकेले और अत्यंत कमजोर बाघ शावक को भटकते हुए देखा। शावक की गंभीर और लावारिस स्थिति को देखते हुए वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई
गश्ती दल द्वारा शावक के मिलने की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही क्षेत्र संचालक एवं उपसंचालक (कोर जोन) के मार्गदर्शन में एक विशेष रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर बाघ शावक को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू किया।
कई दिनों से भूखा होने का अनुमान
रेस्क्यू के तुरंत बाद कान्हा टाइगर रिजर्व के वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संदीप अग्रवाल द्वारा शावक का प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सीय परीक्षण में शावक के शरीर में अत्यधिक कमजोरी पाई गई। प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह स्थिति संभवतः कई दिनों से पर्याप्त आहार या शिकार उपलब्ध न होने के कारण उत्पन्न हुई है।
क्वारंटाइन सेंटर में सघन निगरानी और उपचार जारी
शावक की नाजुक स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उसे उचित चिकित्सकीय देखभाल के लिए तत्काल मुक्की स्थित क्वारंटाइन सेंटर लाया गया है। वर्तमान में वन्यजीव चिकित्सकों की टीम शावक का सतत स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार कर रही है। वन विभाग लगातार उसकी सेहत की निगरानी कर रहा है और स्वास्थ्य में सुधार के आधार पर ही आगामी आवश्यक कार्रवाई तय की जाएगी।









