मंडला डीएफए का गौरव
मध्यप्रदेश जूनियर बॉयज फुटबॉल टीम में जिले के 4 खिलाडिय़ों का चयन
- राष्ट्रीय स्तर पर चमकेगी मंडला की प्रतिभा
- नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए मप्र टीम में चुने गए चार होनहार
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले की फुटबॉल प्रतिभाओं ने एक बार फिर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। मध्यप्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में चुनी गई 18 सदस्यीय मध्यप्रदेश जूनियर बॉयज फुटबॉल टीम में मंडला जिला फुटबॉल संघ के चार होनहार खिलाडिय़ों ने अपनी जगह पक्की कर जिले का नाम रोशन किया है।
चैंपियन बनने से लेकर चयन तक का सफर
बालाघाट जिले के तिरोड़ा में 28 जुलाई से 5 अगस्त तक अंतर-जिला जूनियर बॉयज फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता में मंडला डीएफए की टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया था। इसी प्रदर्शन के आधार पर 7 से 22 अगस्त तक जबलपुर में आयोजित नेशनल कैंप के लिए प्रदेश भर से 30 खिलाडिय़ों का चयन हुआ था। कैंप के समापन के बाद अंतिम 18 खिलाडिय़ों की सूची जारी की गई, जिसमें मंडला के खिलाडिय़ों ने अपनी प्रतिभा और अनुशासन का लोहा मनवाया।
इन खिलाडिय़ों का हुआ चयन
मध्यप्रदेश की टीम में मंडला जिले के चार खिलाडिय़ों का चयन हुआ है। जिसमें गोलू परते, पंकज मरावी, लोकेश कुमार भारतीया और कृष्ण कुमार धुर्वे का चयन किया गया है। ये चारों खिलाड़ी 25 अगस्त से छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय जूनियर बॉयज फुटबॉल प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
बधाइयों का लगा तांता
छोटे जिले से निकलकर राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने की इस उपलब्धि पर पूरे मंडला में हर्ष का माहौल है। इस शानदार सफलता पर मध्यप्रदेश फुटबॉल संघ के सचिव अमित रंजन देव, टीम कोच आशीष पिल्लई, प्रभारी जिला खेल अधिकारी व एएसपी शिव कुमार वर्मा, जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष डॉ. दिलीप शर्मा, सचिव पंकज उसराठे, रामकृष्ण सेवाश्रम के स्वामी शारदात्मानन्द महाराज और अर्जुन अवार्डी सोना दुबे सहित संघ के सभी पदाधिकारियों, गणमान्य नागरिकों और खेलप्रेमियों ने खिलाडिय़ों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।









