घर में साफ-सफाई कर रही महिला को जहरीले सर्प ने डसा
दरगढ़ में सर्पदंश, सही समय पर इलाज मिलने से बची जान
- डॉक्टर की तत्परता से बची महिला की जान
- एहतियातन जिला अस्पताल मंडला रेफर
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज के ग्राम बबलिया के समीपस्थ ग्राम दरगढ़ में सुबह के वक्त एक महिला को जहरीले सर्प ने अपना शिकार बना लिया। घटना के वक्त महिला अपने घर में साफ-सफाई का कार्य कर रही थी। परिजनों की जागरूकता और समय पर मिले चिकित्सकीय उपचार के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी अनुसार ग्राम दरगढ़ निवासी 35 वर्षीय करमी बाई रोजमर्रा की तरह सुबह अपने घर में झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान घर के किसी हिस्से में बैठे एक जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। सर्पदंश का पता चलते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि परिजनों ने घबराने के बजाय सूझबूझ दिखाई और बिना कोई समय गंवाए महिला को तुरंत नजदीकी बबलिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
डॉक्टर ने दिखाई तत्परता, लगाया एंटी स्नेक वेनम
बबलिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद डॉ. सुरेन्द्र सिंह ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल महिला का इलाज शुरू किया। डॉ. सिंह द्वारा बिना देरी किए महिला को जीवन रक्षक एंटी स्नेक वेनम का इंजेक्शन लगाया गया और जरूरी प्राथमिक उपचार दिया गया।
एहतियातन जिला अस्पताल किया रेफर
सही समय पर एंटी स्नेक वेनम मिल जाने के कारण करमी बाई की हालत में तेजी से सुधार देखा गया। स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद महिला की स्थिति स्थिर हो गई, लेकिन भविष्य की किसी भी जटिलता से बचने और सावधानी के तौर पर चिकित्सक ने उन्हें बेहतर निगरानी के लिए जिला चिकित्सालय, मंडला रेफर कर दिया है। परिजनों की जागरूकता और स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से महिला की जान सुरक्षित बच गई है।










