निवास में चलती 108 एंबुलेंस में गूंजी किलकारी
ईएमटी की सूझबूझ से सुरक्षित हुआ प्रसव, जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ
- खराब रास्ते के बावजूद देवदूत बना 108 एंबुलेंस स्टाफ
- अस्पताल पहुंचने से 1 किलोमीटर पहले कराया सुरक्षित प्रसव
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के निवास विकासखंड से मानवता, तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा की एक शानदार मिसाल सामने आई है। जहाँ एक गर्भवती महिला ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही चलती 108 एंबुलेंस में एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। एंबुलेंस में मौजूद ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) और पायलट की सूझबूझ के चलते यह प्रसव पूरी तरह सुरक्षित रहा।
कच्चे रास्ते के कारण हुई थी देरी
जानकारी अनुसार ग्राम मोहपानी के झिरिया टोला निवासी 25 वर्षीय नन्हीं बाई को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। स्थिति को देखते हुए परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। हालांकि लुहारी से मोहपानी, झिरिया टोला और बस्तरा तक का लगभग 3 किलोमीटर का मार्ग बेहद कच्चा और खराब होने के कारण एंबुलेंस को मौके पर पहुंचने में थोड़ा विलंब हुआ।
ईएमटी ने दिखाई सूझबूझ, चलती एंबुलेंस में कराया प्रसव
गर्भवती महिला को एंबुलेंस में बैठाकर पायलट और महिला ईएमटी तुरंत निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के लिए रवाना हुए। सफर के दौरान निवास मुख्यालय से लगभग 1 किलोमीटर पहले ही नन्हीं बाई का दर्द अचानक काफी बढ़ गया। स्थिति की गंभीरता और समय की कमी को भांपते हुए ईएमटी ने बेहतरीन सूझबूझ दिखाई और एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराने का निर्णय लिया।
जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह सुरक्षित
ईएमटी के कुशल प्रयासों से एंबुलेंस में ही नवजात की किलकारी गूंज उठी। प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं। इसके पश्चात दोनों को तुरंत निवास सीएचसी ले जाकर भर्ती कराया गया, जहाँ डॉक्टरों की निगरानी में उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। 108 एंबुलेंस के पायलट और ईएमटी की इस त्वरित और सफल कार्यवाही की क्षेत्र में चारों ओर जमकर सराहना की जा रही है।









