साप्ताहिक बाजार में दिनदहाड़े चोरी, CCTV में कैद

पिपरिया साप्ताहिक बाजार में दिनदहाड़े चोरी

CCTV में कैद हुई महिला की करतूत

15 लीटर तेल का डिब्बा पार

  • भीड़ का फायदा उठाकर दुकानदार को दिया चकमा
  • झोले की आड़ में तेल का डिब्बा चुराकर भागी महिला

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के निवास थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरिया के साप्ताहिक बाजार से चोरी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शनिवार को हुई इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज रविवार को सामने आया, जिसमें एक महिला भीड़भाड़ का फायदा उठाकर किराना दुकान से 15 लीटर तेल का डिब्बा चुराती हुई साफ नजर आ रही है।

दुकानदार की व्यस्तता का उठाया फायदा

जानकारी अनुसार पिपरिया बस स्टैंड स्थित सीताराम साहू की किराना दुकान पर शनिवार को साप्ताहिक बाजार के कारण ग्राहकों की काफी भीड़ थी। जब दुकानदार दूसरे ग्राहकों को सामान देने में व्यस्त था, तभी वहां मौजूद एक महिला ने इस मौके का फायदा उठाया। उसने बड़ी ही चालाकी से दुकान के पास रखा 15 लीटर तेल का डिब्बा उठाया और उसे अपने साथ लाए एक बड़े झोले की आड़ में छिपा लिया। इसके बाद वह चुपचाप वहां से निकल गई।

CCTV फुटेज से हुई घटना की पुष्टि

दुकानदार को इस चोरी की भनक घटना के काफी देर बाद लगी। जब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग जांची गई, तो चोरी की यह पूरी वारदात उसमें कैद मिली। अब इस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात महिला की पहचान करने और उसकी तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।


Leave a Comment