उफनती गौर नदी में जान की बाजी
3 फीट ऊपर बह रहे पानी के बीच पुल पार कर रहे ग्रामीण
- प्रशासन की अपील बेअसर
- उफनते पुल से गुजरने का खौफनाक वीडियो वायरल
- बड़े हादसे को न्योता
मंडला महावीर न्यूज 29. लगातार हो रही झमाझम बारिश के कारण मंडला जिले के सभी प्रमुख नदी-नाले उफान पर हैं। इस बीच निवास थाना क्षेत्र से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर उफनती गौर नदी का पुल पार करते नजर आ रहे हैं।
पुल के ऊपर 3 फीट तेज बहाव
जानकारी अनुसार यह घटना ग्वारा से वन ग्राम रेडम के बीच बने पुल की है। गौर नदी का जलस्तर इतना बढ़ गया है कि पुल के ऊपर से करीब तीन फीट तेज धार का पानी बह रहा है। इसके बावजूद, ग्रामीण इस खतरे को नजरअंदाज करते हुए उफनते पुल से पैदल और वाहनों से आवाजाही कर रहे हैं। शनिवार को इस खतरनाक दृश्य का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
चेतावनी को कर रहे दरकिनार
भारी बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा लगातार यह अपील की जा रही है कि लोग डूबे हुए पुलों, रपटों और तेज बहाव वाले रास्तों को बिल्कुल पार न करें। लेकिन ग्रामीण इन चेतावनियों को दरकिनार कर अपनी जान हथेली पर रखकर नदी पार कर रहे हैं।
बड़े हादसे की आशंका
वायरल वीडियो में पुल पर पानी का तेज बहाव स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। ऐसे में जरा सा संतुलन बिगड़ने या चूक होने पर कोई बड़ा और जानलेवा हादसा हो सकता है। हालात को देखते हुए इस क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और आवाजाही रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की आवश्यकता है।










